भारत

तरनजीत सिंह संधू दिल्ली के नए एलजी नियुक्त, सरकार ने कई राज्यों में किए फेरबदल

केंद्र सरकार ने गुरुवार को कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में राज्यपाल और उपराज्यपाल पदों पर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। इस फैसले के तहत कई मौजूदा राज्यपालों को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं और कुछ नए चेहरों की नियुक्ति भी की गई है। सबसे अहम बदलाव दिल्ली में हुआ है, जहां पूर्व भारतीय राजनयिक तरनजीत सिंह संधू को नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है। वह अब विनय कुमार सक्सेना की जगह लेंगे। वहीं विनय कुमार सक्सेना को लद्दाख का नया उपराज्यपाल बनाया गया है।

35 साल का कूटनीतिक अनुभव

तरनजीत सिंह संधू भारतीय विदेश सेवा (IFS) के 1988 बैच के अधिकारी रहे हैं और उन्होंने करीब 35 साल तक कूटनीति के क्षेत्र में काम किया है। उनका सबसे महत्वपूर्ण कार्यकाल फरवरी 2020 से जनवरी 2024 तक अमेरिका में भारत के राजदूत के रूप में रहा। इस दौरान उन्होंने कोविड-19 महामारी, अमेरिका में सत्ता परिवर्तन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 2023 की ऐतिहासिक अमेरिका यात्रा जैसे अहम दौर में भारत-अमेरिका संबंधों को संभाला।

अमेरिका में राजदूत बनने से पहले वह जनवरी 2017 से जनवरी 2020 तक श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त रहे। इसके अलावा उन्होंने वॉशिंगटन डीसी में डिप्टी चीफ ऑफ मिशन, फ्रैंकफर्ट में भारत के कॉन्सुल जनरल और संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन में भी सेवाएं दी हैं।

राजनीति में भी आजमाया हाथ

विदेश सेवा से 2024 में सेवानिवृत्त होने के बाद तरनजीत सिंह संधू ने भारतीय जनता पार्टी जॉइन कर ली थी। इसके बाद उन्होंने पंजाब की अमृतसर लोकसभा सीट से चुनाव भी लड़ा, हालांकि वह तीसरे स्थान पर रहे।

जुलाई 2025 में वह यूएस‑इंडिया स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप फोरम से सलाहकार के रूप में जुड़े और इसके जियोपॉलिटिकल इंस्टीट्यूट के चेयरमैन बने, जहां वह भारत-अमेरिका रणनीतिक संबंधों से जुड़े मुद्दों पर काम कर रहे थे।

अन्य राज्यों में भी बड़े बदलाव

इस फेरबदल के तहत कई अन्य राज्यों में भी नई नियुक्तियां की गई हैं। शिव प्रताप शुक्ला, जो अभी हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल हैं, उन्हें तेलंगाना का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। वहीं तेलंगाना के मौजूदा राज्यपाल जिष्णु देव वर्मा को महाराष्ट्र का नया राज्यपाल बनाया गया है।

नागालैंड के नए राज्यपाल के रूप में नंद किशोर यादव की नियुक्ति की गई है। वहीं सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन को बिहार का राज्यपाल बनाया गया है।

इसके अलावा तमिलनाडु के मौजूदा राज्यपाल आर. एन. रवि को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल नियुक्त किया गया है, जबकि केरल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को तमिलनाडु के राज्यपाल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

लद्दाख के मौजूदा उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता को हिमाचल प्रदेश का नया राज्यपाल बनाया गया है। सरकार के इस फैसले के बाद कई राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में प्रशासनिक नेतृत्व में महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिलेंगे।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।

One Comment

  1. Pingback: hello world
Back to top button