मनोरंजन

‘स्क्विड गेम’ सीजन 3 का ट्रेलर रिलीज, 27 जून से नेटफ्लिक्स पर होगी स्ट्रीमिंग

कोरियन वेब सीरीज ‘स्क्विड गेम’ के तीसरे और आखिरी सीजन का इंतजार कर रहे फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मेकर्स ने 1 जून को इसका ट्रेलर रिलीज कर दिया है और इसके साथ ही रिलीज डेट की भी घोषणा कर दी है। शो का तीसरा सीजन इस महीने के अंत में, यानी 27 जून से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया जाएगा।

करीब 1 मिनट 58 सेकंड लंबे इस ट्रेलर में जबरदस्त एक्शन और ड्रामा दिखाया गया है। कहानी वहीं से आगे बढ़ती नजर आ रही है जहां दूसरा सीजन खत्म हुआ था। मुख्य किरदार गी-गुन अपने दोस्त की मौत के सदमे से उबर नहीं पाया है और अब वह गार्ड्स से भिड़ता नजर आता है। ट्रेलर में एक सीन में गी-गुन गार्ड्स से लगातार पूछता है – “तुमने मुझे क्यों नहीं मारा? मुझे जिंदा क्यों रखा?”

ट्रेलर में पहले सीजन के टग ऑफ वॉर गेम की झलक भी देखने को मिलती है, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि एक बार फिर खूनी खेल, मानसिक तनाव और कई चौंकाने वाले ट्विस्ट्स इस सीजन में देखने को मिलेंगे।

जैसे ही ट्रेलर रिलीज हुआ, सोशल मीडिया पर ‘स्क्विड गेम’ की चर्चा तेज हो गई है और फैंस तीसरे सीजन को लेकर काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।

‘स्क्विड गेम’ को कोरियन फिल्ममेकर ह्वांग डोंग-ह्युक ने डायरेक्ट किया है। साइरन पिक्चर्स के बैनर तले बनी यह सीरीज दुनियाभर में जबरदस्त पॉपुलर है। ह्वांग डोंग कोरिया के जाने-माने निर्देशक, लेखक और निर्माता हैं। माना जा रहा है कि तीसरे सीजन में वह दर्शकों को पहले से भी ज्यादा रोमांचक सफर पर ले जाने वाले हैं।

बताया जा रहा है कि इस बार गेम के नियम बदले गए हैं और मुकाबला पहले से ज्यादा खतरनाक और अप्रत्याशित होगा। दर्शकों को अब बस 27 जून का इंतजार है, जब ‘स्क्विड गेम’ सीजन 3 नेटफ्लिक्स पर दस्तक देगा।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button