विदेश

लाहौर में धमाकों की आवाज, ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाक में हड़कंप

भारतीय सेना के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तानी आतंकी ठिकानों पर की गई बड़ी कार्रवाई के एक दिन बाद लाहौर में जोरदार धमाकों जैसी आवाज सुनाई दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुरुवार सुबह लाहौर के वाल्टन एयरपोर्ट इलाके में कई तेज धमाकों की आवाजें आईं, जिससे स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। हालांकि अभी तक पाक सरकार या सेना की ओर से इन धमाकों को लेकर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

बताया जा रहा है कि पाकिस्तानी जांच एजेंसियां इन आवाजों की वजह का पता लगाने में जुटी हैं। ये घटनाक्रम ऐसे समय हुआ है, जब भारत ने बुधवार तड़के पाकिस्तान और पीओजेके के नौ आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले कर भारी तबाही मचाई थी। हमले में कई आतंकियों के मारे जाने की खबर है। इस कार्रवाई के बाद पाकिस्तान में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है।

भारतीय हमलों के बाद पाकिस्तान की सरकार और सेना बैकफुट पर नजर आ रही है। पाकिस्तानी रक्षा मंत्री ने एक बयान में कहा है कि यदि भारत तनाव कम करने के लिए कदम उठाता है, तो पाकिस्तान भी पीछे हटने को तैयार है। इस बयान से साफ है कि पाकिस्तान संघर्ष से बचना चाहता है और भारत की सख्त प्रतिक्रिया से दबाव में है।

भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की आधिकारिक तस्वीरें और वीडियो जारी कर बताए कि कैसे आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। सेना की महिला अधिकारी विंग कमांडर व्योमिका और कर्नल सोफिया ने बताया कि पीओजेके में पांच और पाकिस्तान की सीमा के भीतर चार आतंकी ठिकानों पर मिसाइल दागे गए।

सबसे बड़ी कार्रवाई लश्कर-ए-तैयबा के मुख्यालय ‘मरकज तैय्यबा’ पर की गई, जो लाहौर के पास मुरीदके में स्थित है। यहां एक के बाद एक चार मिसाइलें दागी गईं, जिससे वहां भारी तबाही हुई। पूरे घटनाक्रम पर भारत की सरकार और सुरक्षाबल पैनी नजर बनाए हुए हैं। सीमावर्ती इलाकों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। सूत्रों का कहना है कि अगर पाकिस्तान की ओर से कोई उकसाने वाली कार्रवाई होती है, तो भारत उसका मुंहतोड़ जवाब देने को तैयार है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button