लखनऊ में बेटे ने की पिता की हत्या, शव के टुकड़े कर छिपाए

लखनऊ. राजधानी के आशियाना इलाके से एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है जिसने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया. एक 21 वर्षीय युवक ने अपने ही पिता की हत्या कर शव के टुकड़े-टुकड़े कर दिए और फिर उन्हें अलग-अलग जगहों पर ठिकाने लगाने की कोशिश की. आरोपी युवक का नाम अक्षत प्रताप सिंह है.
करियर के दबाव ने बदला कातिल में
पड़ोसियों के मुताबिक अक्षत बचपन से ही जिद्दी और बागी स्वभाव का था. बचपन में ही मां का साया उठ जाने के बाद उसका व्यवहार और अड़ियल होता चला गया. करीब चार साल पहले भी वह एक चिट्ठी छोड़कर घर से भाग चुका था.
उसके पिता मानवेंद्र सिंह शराब और पैथोलॉजी के जाने-माने कारोबारी थे और चाहते थे कि अक्षत मेडिकल की पढ़ाई कर उनका व्यवसाय संभाले. लेकिन पढ़ाई-लिखाई में अक्षत की रुचि बिल्कुल नहीं थी. इसी पढ़ाई और करियर के दबाव ने धीरे-धीरे उसके मन में नफरत की ऐसी आग भड़काई कि उसने पिता को ही रास्ते से हटाने की ठान ली.
20 फरवरी की सुबह को अंजाम दी वारदात
डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर के अनुसार यह घटना 20 फरवरी की सुबह की है. पुलिस पूछताछ में अक्षत ने खुद कबूल किया कि उसने पिता के सिर में उन्हीं की लाइसेंसी राइफल से गोली मारी. हत्या के बाद वह शव को घर के उस ग्राउंड फ्लोर पर घसीटकर ले गया जहां कोई नहीं रहता था.
आरी खरीदकर काटे शव के टुकड़े
शुरुआत में अक्षत की योजना थी कि शव को कार में लादकर गोमती नदी में फेंक दे, लेकिन शव का वजन अधिक होने के कारण यह मुमकिन नहीं हो सका. इसके बाद उसने बाजार से आरी खरीदी और बेरहमी से पिता के शव के हाथ, पैर और सिर काटकर अलग-अलग जगह फेंक दिए. धड़ को एक स्लीपिंग बैग में भरकर नीले ड्रम में छिपा दिया.
गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाकर पुलिस को किया गुमराह
वारदात के बाद शातिर अक्षत ने उसी दिन यानी 20 फरवरी को थाने जाकर पिता की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी. पहले उसने इसे आत्महत्या बताने की कोशिश की, लेकिन जब पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की और उसके बयानों में विरोधाभास पकड़ा, तो वह टूट गया और उसने पूरा सच कबूल कर लिया.
12 साल से कॉलोनी में रहते थे मानवेंद्र
मानवेंद्र सिंह पिछले 12 वर्षों से आशियाना कॉलोनी में रह रहे थे और इलाके में उनकी पहचान एक भले इंसान के रूप में थी. उनके पिता सुरेंद्र पाल सिंह सेवानिवृत्त दरोगा हैं और जालौन में रहते हैं. इस दिल दहला देने वाली घटना ने पूरी कॉलोनी को सदमे में डाल दिया है.
पुलिस ने अक्षत को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से नमूने एकत्र कर लिए हैं और जांच जारी है.





