जयपुर के SMS अस्पताल के आईसीयू में आग लगने से 6 लोगों की मौत

जयपुर के सवाई मान सिंह (एसएमएस) अस्पताल के गहन चिकित्सा कक्ष (आईसीयू) में रविवार देर रात भीषण आग लगने से छह मरीजों की मौत हो गई. अधिकारियों ने सोमवार तड़के इसकी पुष्टि की.
अस्पताल के अधिकारियों के अनुसार, आग ट्रॉमा आईसीयू में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी और तेज़ी से फैल गई, जिससे वार्ड घने और ज़हरीले धुएं से भर गया.
एसएमएस अस्पताल ट्रॉमा सेंटर के प्रभारी डॉ. अनुराग धाकड़ ने बताया कि यह घटना ट्रॉमा सेंटर की दूसरी मंजिल पर स्थित दो आईसीयू में से एक में हुई. डॉ. धाकड़ ने एएनआई को बताया, “हमारे ट्रॉमा सेंटर में दूसरी मंजिल पर दो आईसीयू हैं: एक ट्रॉमा आईसीयू और एक सेमी-आईसीयू. वहाँ 24 मरीज़ थे – 11 ट्रॉमा आईसीयू में और 13 सेमी-आईसीयू में. ट्रॉमा आईसीयू में शॉर्ट सर्किट हुआ और आग तेज़ी से फैल गई, जिससे ज़हरीली गैसें निकलीं.”
उन्होंने आगे बताया कि कर्मचारियों ने जलते हुए वार्ड से मरीजों को बचाने के लिए तुरंत कार्रवाई की. उन्होंने कहा, “ज़्यादातर गंभीर मरीज़ बेहोशी की हालत में थे. हमारी ट्रॉमा सेंटर टीम, नर्सिंग ऑफिसर और वार्ड बॉय ने तुरंत उन्हें ट्रॉलियों पर लादकर बचाया और जितने मरीज़ों को हम आईसीयू से बाहर निकाल पाए, उन्हें दूसरी जगह ले गए. उनमें से छह मरीज़ों की हालत बेहद गंभीर थी; हमने सीपीआर से उन्हें होश में लाने की बहुत कोशिश की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका.”
छह मृतकों में से चार पुरुष और दो महिलाएं थीं. पाँच अन्य मरीज़ों की हालत गंभीर बनी हुई है.
अधिकारियों ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और आग लगने के पीछे शॉर्ट सर्किट का सही कारण जानने के लिए जाँच शुरू कर दी गई है.





