मनोरंजन

60 करोड़ रुपये निवेश के आरोप में शिल्पा-राज कुंद्रा की मुश्किलें बढ़ीं

अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी और उनके पति राज कुंद्रा से जुड़े 60 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी मामले में जांच जारी है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) इस मामले में कंपनी के खातों और धन के लेन-देन की पूरी जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि कपल द्वारा किए गए खर्च वास्तविक थे या नहीं।

जांच के दौरान पता चला कि शिल्पा शेट्टी को कंपनी से चार करोड़ रुपये की फीस के तौर पर भुगतान किया गया था। अधिकारी ने बताया कि ईओडब्ल्यू 2015 से इस हाई-प्रोफाइल मामले की जांच कर रही थी और यह पता लगा रही थी कि कंपनी के बैंक खातों में दिखाए गए खर्च सही थे या नहीं।

आर्थिक अपराध शाखा अब बंद हो चुकी कंपनी से जुड़े लोगों के बयान भी दर्ज कर रही है। पुलिस ने अब तक राज कुंद्रा, शिल्पा शेट्टी और कंपनी बेस्ट डील टीवी प्राइवेट लिमिटेड के आरपी (समाधान पेशेवर) के बयान दर्ज किए हैं। शिल्पा शेट्टी ने अपने बयान में कहा कि वह कंपनी के रोजमर्रा के कामकाज में शामिल नहीं थीं और उन्हें केवल सेलिब्रिटी फीस के रूप में भुगतान किया गया था।

मुंबई के जुहू पुलिस स्टेशन में व्यवसायी दीपक कोठारी ने शिल्पा और राज के खिलाफ ऋण-सह-निवेश सौदे में 60 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया था। कोठारी ने आरोप लगाया कि 2015-2023 के बीच इस सेलिब्रिटी कपल ने उन्हें अपनी कंपनी में निवेश करने के लिए प्रेरित किया, लेकिन इस राशि का निजी लाभ के लिए दुरुपयोग किया। उनके अनुसार, शिल्पा और राज ने पैसे कंपनी में लगाने के बजाय खुद खर्च कर दिए।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button