मनोरंजन

समय रैना ने महिला आयोग के सामने मांगी माफी, डिजिटल शो में की गई आपत्तिजनक टिप्पणी पर जताया खेद

स्टैंड-अप कॉमेडियन समय रैना मंगलवार को राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) के सामने पेश हुए। यह पेशी उनके डिजिटल शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के एक हालिया एपिसोड में महिलाओं के खिलाफ की गई आपत्तिजनक और अपमानजनक टिप्पणी के मामले में हुई। आयोग के सामने रैना ने लिखित में माफीनामा सौंपा और अपनी टिप्पणी पर खेद जताया।

इस मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग ने स्वतः संज्ञान लेते हुए समय रैना को तलब किया था। आयोग ने शो में महिलाओं के प्रति की गई टिप्पणियों को बेहद आपत्तिजनक और अस्वीकार्य बताया था। सुनवाई के दौरान आयोग की अध्यक्ष विजया राहतकर ने समय रैना को सार्वजनिक और डिजिटल मंचों पर महिलाओं के सम्मान और संवेदनशीलता का ध्यान रखने की सलाह दी। उन्होंने रैना से भविष्य में ऐसी किसी भी टिप्पणी से बचने का निर्देश भी दिया।

समय रैना ने आयोग को आश्वस्त किया कि उनकी मंशा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने की नहीं थी और वे आगे से ऐसे मामलों में अतिरिक्त सावधानी बरतेंगे। साथ ही आयोग ने रैना को सुझाव दिया कि वे अपने मंच का उपयोग महिलाओं के सम्मान और अधिकारों को बढ़ावा देने वाले कंटेंट के लिए करें।

पेशी के बाद समय रैना ने अपने वकील हिमांशु शेखर के साथ एक फोटो इंस्टाग्राम स्टोरी पर शेयर की, जिसमें उन्होंने अपने वकील को ‘मुख्य इंसान’ बताते हुए टैग किया। उन्होंने आयोग के निर्देशों को स्वीकार करते हुए भविष्य में जिम्मेदार और सम्मानजनक कंटेंट तैयार करने की प्रतिबद्धता जताई।

राष्ट्रीय महिला आयोग ने अपने बयान में कहा कि डिजिटल और मनोरंजन माध्यमों में महिलाओं की सकारात्मक और गरिमापूर्ण छवि प्रस्तुत करना जरूरी है, और इसके लिए सार्वजनिक हस्तियों की भूमिका बेहद अहम होती है। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि वह ऐसे कंटेंट की निगरानी करता रहेगा ताकि महिलाओं के प्रति किसी भी तरह के पूर्वाग्रह या अपमानजनक प्रस्तुति पर रोक लगाई जा सके।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button