सलमान खान और सूरज बड़जात्या की जोड़ी फिर मचाएगी धमाल, नए प्रोजेक्ट पर चल रहा है काम!

बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान इन दिनों जहां अपनी अपकमिंग मूवी सिकंदर की शूटिंग में व्यस्त हैं, वहीं उनके अगले प्रोजेक्ट्स को लेकर लगातार अपडेट्स सामने आ रही हैं। हाल ही में खबर आई थी कि सलमान खान, जवान के निर्देशक एटली के साथ एक फिल्म करने वाले हैं। अब, एक और बड़ी जानकारी सामने आई है—सलमान खान और दिग्गज फिल्म निर्माता सूरज बड़जात्या एक बार फिर साथ आने की तैयारी कर रहे हैं।
सूरज बड़जात्या ने हाल ही में एक इंटरव्यू में इस बात की पुष्टि की कि वह सलमान खान के साथ एक नई फिल्म पर काम कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि यह प्रोजेक्ट अभी स्क्रिप्टिंग स्टेज में है और इसे एक परिपक्व दृष्टिकोण के साथ विकसित किया जा रहा है। बड़जात्या ने कहा, “मैं और सलमान दोनों अब बड़े हो गए हैं, इसलिए हमें ‘प्रेम’ के किरदार का एक नया, परिपक्व संस्करण गढ़ना होगा, जो उनकी वर्तमान उम्र से मेल खाए।”
निर्देशक के अनुसार, फिल्म में प्रेम के चिर-परिचित आकर्षण, मस्ती और पारिवारिक मूल्य बरकरार रहेंगे, लेकिन कहानी अधिक गहराई और परिपक्वता लिए होगी। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि इस नई कहानी को आकार देने में अपेक्षा से अधिक समय लग रहा है।
बता दें कि सूरज बड़जात्या ने 1989 में मैने प्यार किया के जरिए सलमान खान को ‘प्रेम’ के रूप में दर्शकों के सामने पेश किया था। इसके बाद हम आपके हैं कौन और हम साथ-साथ हैं जैसी सुपरहिट फिल्मों में इस जोड़ी ने दर्शकों का दिल जीता। अब, सालों बाद, जब यह जोड़ी फिर से साथ आ रही है, तो फैंस के लिए यह एक बड़ी खुशखबरी है।
क्या यह फिल्म फिर से पारिवारिक मनोरंजन के नए आयाम स्थापित करेगी? यह देखना दिलचस्प होगा!




