खेल

रोहित शर्मा का बड़ा खुलासा: 2023 वनडे वर्ल्ड कप फाइनल हार के बाद लेना चाहते थे संन्यास

नई दिल्ली: भारत के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने एक चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि 2023 वनडे विश्व कप के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों मिली दिल तोड़ने वाली हार के बाद वह संन्यास लेने का मन बना चुके थे. हिटमैन को लग रहा था कि इस खेल ने उनसे सब कुछ छीन लिया है.

भारत ने घरेलू मैदान पर खेले गए इस वनडे विश्व कप में रोहित की कप्तानी में शानदार प्रदर्शन किया था और लगातार नौ मैच जीतकर फाइनल में जगह बनाई थी, लेकिन नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए खिताबी मुकाबले में टीम को हार का सामना करना पड़ा था. इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज ट्रेविस हेड ने शतक लगाया था, जो आखिर में निर्णायक साबित हुआ.

“मुझसे सब कुछ छीन लिया”

मास्टर्स यूनियन के एक कार्यक्रम के दौरान रोहित ने कहा, “वनडे विश्व कप 2023 के फाइनल के बाद मैं पूरी तरह से निराश हो गया था. मुझे ऐसा लगा कि मैं अब यह खेल नहीं खेलना चाहता क्योंकि इसने मुझसे सब कुछ छीन लिया है और मुझे लगा कि मेरे पास कुछ भी नहीं बचा है.”

उन्होंने आगे कहा, “मुझे इससे उबरने में थोड़ा समय लगा. मैं खुद को बार-बार याद दिलाता रहा कि यही वह चीज है, जिससे मुझे वास्तव में प्यार है. यह चीज मेरे पास है और मैं इसे इतनी आसानी से नहीं छोड़ सकता. धीरे-धीरे मैं इससे उबर गया. मैंने अपनी खोई हुई ऊर्जा वापस हासिल की और फिर से मैदान पर सक्रिय हो गया.”

दो साल की मेहनत पर पानी फिरा

रोहित ने बताया कि उस हार से हर कोई निराश था और उन्हें विश्वास नहीं हो रहा था कि क्या हुआ है. उनके लिए व्यक्तिगत तौर पर यह बहुत मुश्किल समय था क्योंकि उन्होंने उस विश्व कप के लिए अपना सब कुछ झोंक दिया था.

“विश्व कप से दो या तीन महीने पहले ही नहीं, बल्कि 2022 में कप्तानी संभालने के बाद से ही मैं उसके लिए तैयारी कर रहा था,” रोहित ने कहा.

रोहित ने टी-20 और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है और इस साल की शुरुआत में उन्हें वनडे की कप्तानी से हटा दिया गया था. वह अभी 50 ओवर के प्रारूप में खेलते हैं और उनका लक्ष्य 2027 में होने वाले वनडे विश्व कप तक टीम में बने रहना है.

एकमात्र लक्ष्य था विश्व कप जीतना

रोहित ने कहा, “मेरा एकमात्र लक्ष्य विश्व कप जीतना था, चाहे वह टी-20 विश्व कप हो या 2023 में वनडे विश्व कप. इसलिए जब ऐसा नहीं हो पाया तो मैं पूरी तरह से निराश हो गया था. मेरे शरीर में बिल्कुल भी ऊर्जा नहीं बची थी. मुझे इससे उबरने और खुद को वापस पटरी पर लाने में कुछ महीने लग गए.”

टी-20 विश्व कप जीतकर मिली तसल्ली

ऑस्ट्रेलिया से अहमदाबाद में मिली उस हार के एक साल से भी कम समय बाद भारत ने रोहित की कप्तानी में अमेरिका और वेस्टइंडीज में खेले गए 2024 के टी-20 विश्व कप में खिताब जीता था, लेकिन नवंबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया के हाथों मिली हार की पीड़ा से उबरना आसान नहीं था.

रोहित ने कहा, “मुझे लगता है कि जब आप किसी चीज को हासिल करने के लिए अपना सब कुछ झोंक देते हैं और फिर आपको मनचाहा परिणाम नहीं मिलता है तो यह एक स्वाभाविक प्रतिक्रिया होती है. मेरे साथ भी ठीक यही हुआ, लेकिन मुझे यह भी पता था कि जीवन यहीं खत्म नहीं होता.”

बड़ा सबक मिला

उन्होंने कहा, “यह निराशा से उबरने और खुद को नए सिरे से तैयार करने के लिए मेरे लिए बहुत बड़ा सबक था. मुझे पता था कि अमेरिका और वेस्टइंडीज में 2024 में टी-20 विश्व कप होना है और अब मुझे अपना पूरा ध्यान इस पर केंद्रित करना होगा. अब यह कहना बहुत आसान है, लेकिन उस समय यह बेहद मुश्किल था.”

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button