भारत

यूपी में लू से राहत, 19 जून से मानसून देगा दस्तक; कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट

उत्तर प्रदेश में लंबे समय से जारी भीषण गर्मी और लू से परेशान लोगों को अब राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि प्रदेश में मानसून की एंट्री 18 जून की देर शाम से लेकर 19 जून के बीच पूर्वी हिस्सों से होगी। इसके बाद पूरे राज्य में बारिश का सिलसिला शुरू हो जाएगा। आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बने दो लो प्रेशर सिस्टम आपस में मर्ज हो रहे हैं, जिससे मानसून को गति मिलेगी। इसके असर से 19 और 20 जून को प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के दक्षिणी और तराई क्षेत्रों के 13 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इनमें वाराणसी, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, भदोही, गाजीपुर, बलिया, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थ नगर, बलरामपुर और श्रावस्ती शामिल हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश के 22 जिलों में गरज-चमक और वज्रपात का खतरा जताया गया है। मौसम विभाग ने इन इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अलर्ट वाले जिलों में प्रयागराज, जौनपुर, आजमगढ़, मऊ, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, गोंडा, बहराइच और आसपास के क्षेत्र शामिल हैं।

इसके अलावा बांदा, चित्रकूट, कौशांबी और प्रयागराज जैसे इलाकों में तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, यह बारिश पूर्वी उत्तर प्रदेश से शुरू होकर दक्षिणी, मध्य और बुंदेलखंड के हिस्सों तक पहुंचेगी। अगले चार से पांच दिनों तक प्रदेश में मानसून सक्रिय रहेगा, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और भीषण गर्मी से राहत मिलेगी। राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से सावधानी बरतने और मौसम अपडेट पर नजर रखने की अपील की है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button