Fraud and Scam

राजस्थान SOG ने पकड़ा ठग प्रिंस सैनी – करोड़ों रुपये का फर्जी कंपनियों में खेल

राजस्थान की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने ठगी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। टीम ने शातिर ठग प्रिंस सैनी और उसके दो साथियों ममता भाटी और दिनेश बागड़ी को गिरफ्तार किया है। इन तीनों पर आरोप है कि उन्होंने सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये ठगे। खास बात यह है कि 12वीं पास प्रिंस सैनी ने लोगों को मोटा मुनाफा देने का लालच देकर कई फर्जी कंपनियां खड़ी कीं और उनके जरिए ठगी का बड़ा खेल खेला।

फर्जी कंपनियों का जाल

जांच में सामने आया है कि प्रिंस सैनी ने सबसे पहले ‘ट्रोनेक्स’ नाम की एक सॉफ्टवेयर कंपनी बनाई। इस कंपनी के चेन सिस्टम के जरिए 54 लोगों से करीब 6 लाख 48 हजार रुपये ठगे गए। जब लोगों ने मुनाफा और अपनी रकम वापस मांगनी शुरू की तो प्रिंस ने नया खेल शुरू किया।

उसने ‘ऑर ग्रूमर’ नाम से दूसरी कंपनी बनाई, जिसे शिक्षा से जोड़कर 22 छात्रों से 200 रुपये की फीस वसूलकर कुल 66 लाख रुपये की ठगी की गई।

इसके बाद प्रिंस ने ‘हार्वेस्ट’ नाम की एक और कंपनी बनाई, जो फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसी सोशल मीडिया साइट्स की तरह थी। इसमें ममता भाटी को डायरेक्टर बनाया गया। कंपनी ने 6 लाख रुपये जमा करने पर स्कॉर्पियो गाड़ी देने का झांसा दिया और इसी बहाने 250 लोगों से करीब 50 करोड़ रुपये ठगे गए।

लकी ड्रॉ का लालच

प्रिंस सैनी ने ठगी का एक और तरीका अपनाया। उसने लकी ड्रॉ के नाम पर लोगों को 2,500 रुपये जमा करने पर मोटरसाइकिल, स्कूटी और LED टीवी देने का वादा किया। इतना ही नहीं, उसने दावा किया कि उसकी कंपनी रजिस्टर्ड है और इसमें 2 लाख कस्टमर जुड़े हैं। उसने यह भी कहा कि कंपनी का शेयर 10 रुपये से बढ़कर 200 रुपये तक पहुंच गया है। इन दावों से लोगों का भरोसा और बढ़ा और उन्होंने पैसे लगाना जारी रखा।

SOG की कार्रवाई और पूछताछ

SOG ने प्रिंस सैनी और उसके साथियों को जब पकड़ा तो उसके खाते में सिर्फ 5 लाख रुपये मिले। बाकी ठगी का पैसा वह ठिकाने लगा चुका था। गिरफ्तारी के समय प्रिंस और उसके साथी ऐशो-आराम की जिंदगी जी रहे थे।

फिलहाल SOG इन तीनों से पूछताछ कर रही है ताकि इस बड़े ठगी नेटवर्क का पूरा राज खुल सके और जिन लोगों के पैसे डूबे हैं, उन्हें न्याय मिल सके। SOG की यह कार्रवाई लोगों के बीच जागरूकता बढ़ाने और ठगों के खिलाफ सख्ती का संदेश देने के तौर पर देखी जा रही है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button