भारत

राजा रघुवंशी मर्डर केस: पत्नी सोनम समेत पांचों आरोपी आठ दिन की पुलिस रिमांड पर

शिलॉन्ग जिला अदालत ने राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी समेत पांचों आरोपियों को आठ दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है। यह जानकारी पुलिस ने दी। विशेष जांच दल (SIT) के प्रमुख और ईस्ट खासी हिल्स के सिटी एसपी हरबर्ट पिनियाड खारकोंगोर ने बताया कि सभी आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद उन्हें फिर से शिलॉन्ग सदर थाने ले जाया गया।

इन आरोपियों में राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम रघुवंशी, राज सिंह कुशवाहा, आकाश राजपूत, विशाल सिंह चौहान और आनंद शामिल हैं। पुलिस इस मामले की जांच तेजी से कर रही है। राजा रघुवंशी का शव 2 जून को मेघालय के सोहरा इलाके में एक गहरी खाई में बरामद हुआ था, जो चेरापूंजी के पास स्थित है।

राजा अपनी पत्नी सोनम के साथ मई 2025 में हनीमून मनाने के लिए उत्तर-पूर्वी राज्य मेघालय गए थे। यात्रा के दौरान दोनों लापता हो गए थे। बाद में राजा का शव मिलने के बाद सोनम को वाराणसी-गाजीपुर हाईवे के पास एक ढाबे के पास से पकड़ा गया। पुलिस ने उसे और चार अन्य लोगों को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।

इस मामले में अब एक नया मोड़ उस वक्त आया जब सोनम रघुवंशी के भाई गोविंद रघुवंशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी बहन पर ही गंभीर आरोप लगाए। गोविंद ने कहा कि उन्हें “100 फीसदी यकीन है कि सोनम ने ही राजा की हत्या की है।” उन्होंने कहा कि अगर सोनम दोषी पाई जाती है, तो उसे फांसी की सजा मिलनी चाहिए। गोविंद ने यह भी कहा कि वह अब अपनी बहन से सारे रिश्ते तोड़ चुके हैं और राजा के परिवार से माफी मांग चुके हैं।

गोविंद ने भावुक होते हुए कहा, “राजा मेरे बहुत करीब था, मैं अब उसकी फैमिली का हिस्सा हूं। मैं सोनम के खिलाफ हर संभव कार्रवाई में सहयोग करूंगा। मैं जानता हूं कि इस मामले में सभी आरोपी राज कुशवाहा से जुड़े हुए हैं।”

गोविंद ने सोनम और आरोपी राज कुशवाहा के रिश्तों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि “राज कुशवाहा सोनम को ‘दीदी’ कहकर बुलाता था और पिछले तीन सालों से सोनम उसे राखी बांधती आ रही थी। राज की फैमिली भी यही बात कह रही है।”

इस हत्या मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, जबकि पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाने की मांग तेज हो गई है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button