IPL2025

पंजाब किंग्स की जोरदार वापसी, चेन्नई सुपर किंग्स का आईपीएल 2025 में सफर खत्म

आईपीएल 2025 के 49वें मुकाबले में पंजाब किंग्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स को 4 विकेट से मात दी। चेन्नई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 19.2 ओवर में 190 रन बनाए, लेकिन पंजाब ने 19.4 ओवर में 6 विकेट के नुकसान पर 194 रन बनाकर रोमांचक जीत हासिल की। इस हार के साथ ही चेन्नई सुपर किंग्स प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने वाली इस सीजन की पहली टीम बन गई है।

191 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब ने पावरप्ले में ही प्रियांश आर्या (15 गेंद, 23 रन) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद प्रभसिमरन सिंह ने 36 गेंदों में शानदार 54 रन बनाए, जबकि कप्तान श्रेयस अय्यर ने 41 गेंदों में तूफानी 72 रन ठोककर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया। अंतिम ओवर में पंजाब को जीत के लिए दो रन चाहिए थे और मार्को यानसेन ने चौका लगाकर मैच खत्म किया।

चेन्नई के गेंदबाजों में मथीशा पथिराना और खलील अहमद ने दो-दो विकेट लिए, जबकि रवींद्र जडेजा और नूहर अहमद को एक-एक सफलता मिली।

इससे पहले, चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत खराब रही और पावरप्ले में तीन विकेट गिर गए। शेख रशीद (11 रन), आयुष म्हात्रे (7 रन) और रवींद्र जडेजा (17 रन) जल्दी पवेलियन लौटे। सैम करन ने मोर्चा संभालते हुए 47 गेंदों में धमाकेदार 88 रन की पारी खेली, जिसमें 9 चौके और 4 छक्के शामिल रहे। हालांकि, उन्हें दूसरे छोर से ज्यादा सहयोग नहीं मिला।

पंजाब के गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया। युजवेंद्र चहल ने एक ही ओवर में चार विकेट चटकाते हुए हैट्रिक बनाई — आईपीएल में उनकी दूसरी हैट्रिक। इसके अलावा मार्को यानसेन और अर्शदीप सिंह ने दो-दो विकेट झटके।

चेन्नई के घरेलू मैदान पर यह लगातार पांचवीं हार रही और अब टीम का आईपीएल 2025 का सफर यहीं खत्म हो गया है। वहीं, पंजाब किंग्स ने इस जीत के साथ प्लेऑफ की दौड़ में अपनी उम्मीदें कायम रखी हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button