अमेरिका में बंद करेंगे यूएस में जन्म लेने वाले विदेशी बच्चों की स्थायी नागरिकता: ट्रंप
अमेरिका में बंद करेंगे यूएस में जन्म लेने वाले विदेशी बच्चों की स्थायी नागरिकता: ट्रंप
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में राष्ट्रपति चुनाव जीतकर जोरदार वापसी की। इस चुनाव में जीत के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिका में कई कानूनों में बदलाव की घोषणा की है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने प्रवासियों के बच्चों को जन्म लेते ही मिलने वाली स्थायी नागरिकता का अधिकार खत्म करने के संकेत दिए हैं। उन्होंने इस बर्थराइट सिटीजनशिप को बेतुका और हास्यास्पद करार दिया है।
राष्ट्रपति पद के लिए चुने गए डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को प्रसारित एनबीसी के “मीट द प्रेस” के साथ एक साक्षात्कार में संयुक्त राज्य अमेरिका से सभी अवैध अप्रवासियों को निर्वासित करने के अपने इरादे की पुष्टि की। उन्होंने जन्मसिद्ध नागरिकता को समाप्त करने की अपनी योजना भी बताई।
मौजूदा नियम के अनुसार, अमेरिका में जन्म लेने वाले हर बच्चे को अमेरिकी नागरिक माना जाता है। चाहे वह बच्चा गैर-अमेरिकी नागरिक का हो या अधिकृत या अनाधिकृत तरीके से रह रहे प्रवासियों का। ऐसे में ट्रम्प ‘एंकर बेबी’ और ‘चेन माइग्रेशन’ जैसे सिस्टम को खत्म करना चाहते हैं।
ट्रम्प ने एक अमेरिकी टेलीविजन चैनल को दिए इंटरव्यू में कहा, ‘‘दुनिया में अमेरिका अकेला ऐसा देश है, जहां कोई व्यक्ति आता है। कुछ समय बाद उसका बच्चा जन्म लेता है और वह बच्चा 85 साल के लिए अमेरिकी नागरिक बन जाता है। साथ ही, सभी सुविधाएं हासिल करता है। यह तरीका काफी हास्यास्पद है, जिसे खत्म होना चाहिए।’’
अमेरिका में प्रवासियों के बच्चे हर साल खुद-ब-खुद अमेरिकी नागरिक बन जाते हैं। इनमें ऐसे विदेशी नागरिक भी शामिल हैं, जो गेस्ट वीजा या विजिटर वीजा पर अमेरिका आते हैं। कुछ विदेशी अपना टूर इस तरह प्लान करते हैं कि उनका बच्चा अमेरिका में पैदा हो सके। ट्रम्प ने कहा कि उनका प्रशासन इस सिस्टम को अब खत्म करना चाहता है।
राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी बताया कि वह अपने दूसरे कार्यकाल में क्या महत्वपूर्ण कार्य करेंगे। उन्होंने कहा, इनमें नीति परिवर्तन, आव्रजन और आपराधिक न्याय पर काम किया जाएगा। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप पिछले चुनाव के नतीजों के बाद कैपिटल (यूएस कैपिटल) में दंगा करने वालों को माफ कर देंगे, साथ ही आप्रवासियों से पैदा हुए बच्चों को अमेरिकी नागरिकता देने वाले कानून में भी बदलाव करेंगे।
इसके साथ ही नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने घोषणा की है कि अगले महीने कार्यालय में अपने पहले दिन, वह 6 जनवरी, 2021 को राजधानी हमलों के दोषी समर्थकों को माफ कर देंगे। 6 जनवरी 2021 को डोनाल्ड ट्रंप के समर्थकों ने कैपिटल हिल पर धावा बोल दिया और पुलिस के साथ उनकी झड़प हो गई। हजारों की संख्या में ट्रंप समर्थक इमारत के बाहर जमा हो गए। इस समय पुलिस के साथ झड़प में चार लोगों की मौत हो गयी।





