22 और 23 अक्टूबर को BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे PM Modi

22 और 23 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूस के कजान में आयोजित 16वें ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने जा रहे हैं. जानकारी के अनुसार वह वहां रूसी राष्ट्रपति व्लदिमीर पुतिन से मुलाकात करेंगे. विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने इसकी जानकारी दी.
विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के निमंत्रण पर 16वें BRICS शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए कल कज़ान के लिए रवाना होंगे. उन्होंने आगे कहा, ब्रिक्स के इस संस्करण का विषय है ‘न्यायपूर्ण वैश्विक विकास और सुरक्षा के लिए बहुपक्षवाद को मजबूत करना’. भारत BRICS में बहुत महत्व रखता है और इसके योगदान ने आर्थिक विकास, सतत विकास और वैश्विक शासन सुधार जैसे क्षेत्रों में BRICS के प्रयासों को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है… पिछले साल जोहान्सबर्ग में BRICS के पहले विस्तार के बाद यह शिखर सम्मेलन हो रहा है.
विदेश सचिव विक्रम ने कहा, ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में संस्थापक सदस्यों के साथ-साथ नए सदस्य भी भाग लेंगे. शिखर सम्मेलन 22 अक्टूबर को शुरू होगा और पहले दिन शाम को नेताओं के लिए रात्रिभोज होगा. शिखर सम्मेलन का मुख्य दिन 23 अक्टूबर है जिसमें दो मुख्य सत्र होंगे- सुबह एक क्लोज प्लेनरी सेशन और उसके बाद दोपहर में एक ओपन प्लेनरी सेशन जो शिखर सम्मेलन के मुख्य विषय को समर्पित होगा. नेताओं द्वारा कज़ान घोषणा को अपनाने की भी उम्मीद है जो ब्रिक्स के लिए आगे का मार्ग प्रशस्त करेगी. शिखर सम्मेलन 24 अक्टूबर को समाप्त होगा लेकिन प्रधानमंत्री महत्वपूर्ण प्रतिबद्धताओं के कारण 23 अक्टूबर को नई दिल्ली लौटेंगे. शिखर सम्मेलन के दौरान प्रधानंमंत्री द्वारा कुछ द्विपक्षीय बैठकें करने की उम्मीद हैं.”





