भारत

एकता नगर में पीएम मोदी ने ई-बसों को दिखाई हरी झंडी, दी 1,220 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर दो दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। गुरुवार शाम वे वडोदरा एयरपोर्ट पहुंचे और वहां से सड़क मार्ग से एकता नगर के लिए रवाना हुए। एकता नगर पहुंचने पर प्रधानमंत्री ने ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर पर्यावरण अनुकूल यातायात को बढ़ावा देने की पहल की।

सरदार पटेल की जयंती के मौके पर प्रधानमंत्री मोदी ने एकता नगर में स्मारक सिक्का और डाक टिकट जारी किया। इसके साथ ही उन्होंने एकता नगर और राजपीपला में 1,220 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 31 अक्तूबर की सुबह 8 बजे स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पहुंचकर लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद वे भव्य परेड और अन्य कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे।

अपने दौरे के दौरान पीएम मोदी ने एकता नगर में 16 नई परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इनमें एकता द्वार से नर्मदा माता की प्रतिमा तक पैदल मार्ग का दूसरा चरण, स्मार्ट बस स्टॉप, वियर डैम के पास प्रोटोकॉल वॉल भूमि समतलीकरण, सातपुड़ा सुरक्षा दीवार, बोन्साई गार्डन, ई-बस चार्जिंग स्टेशन, नर्मदा घाट पार्किंग, नया आवासीय भवन, मोखड़ी के पास एप्रोच मार्ग, कौशल्या पथ, लिमडी टेंट सिटी पहुंच मार्ग, गार्डन, टाटा नर्मदा घाट का विस्तार और बांध प्रतिकृति जैसी परियोजनाएं शामिल हैं।

इसके अलावा प्रधानमंत्री ने 681.55 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली कई परियोजनाओं का शिलान्यास किया। इनमें स्टैच्यू ऑफ यूनिटी परिसर में 9 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला ‘वीर बाल उद्यान’ प्रमुख है, जो मार्च 2026 तक तैयार होने की उम्मीद है। यह उद्यान भारत के महान बाल नायकों की कहानियों को विभिन्न रूपों में प्रदर्शित करेगा।

प्रधानमंत्री मोदी का यह दौरा सरदार पटेल की जयंती को समर्पित है, जिसमें देश के विकास और एकता के संदेश को नए रूप में आगे बढ़ाने का प्रयास किया गया है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button