G20 लीडर्स समिट में शामिल होने दक्षिण अफ्रीका पहुंचे PM मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दक्षिण अफ्रीका पहुंच गए हैं, जहां 21 से 23 नवंबर तक होने वाली G20 लीडर्स समिट में वे भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह समिट खास है क्योंकि पहली बार G20 की बैठक अफ्रीकी महाद्वीप पर आयोजित की जा रही है। PM मोदी यहां भारत और ग्लोबल साउथ से जुड़े अहम मुद्दों पर होने वाली चर्चाओं में हिस्सा लेंगे।
#WATCH प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20वें G20 लीडर्स समिट में शामिल होने के लिए साउथ अफ्रीका के जोहान्सबर्ग पहुंचे।
(सोर्स: ANI/DD) pic.twitter.com/BFqIlrAzIA
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 21, 2025
यह प्रधानमंत्री मोदी का दक्षिण अफ्रीका का चौथा आधिकारिक दौरा है। इससे पहले वे 2016 में द्विपक्षीय यात्रा पर गए थे और 2018 तथा 2023 में BRICS समिट में शामिल हुए थे। खास बात यह है कि लगातार चौथी बार G20 समिट किसी ग्लोबल साउथ देश में हो रही है — इंडोनेशिया, भारत और ब्राज़ील के बाद अब दक्षिण अफ्रीका मेज़बान है।
विदेश मंत्रालय के सचिव (ER) सुधाकर दलेला के अनुसार, दक्षिण अफ्रीका ने इस समिट का एजेंडा चार प्रमुख प्राथमिकताओं पर बनाया है। उन्होंने बताया कि कई अहम मुद्दों पर सकारात्मक प्रगति हुई है और ग्लोबल साउथ से जुड़े विषयों को प्रमुखता दी जा रही है।
G20 समूह दुनिया की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं का मंच है, जो वैश्विक GDP के 85% और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के 75% हिस्से का प्रतिनिधित्व करता है। समिट की चर्चाएँ दक्षिण अफ्रीका की थीम — “सॉलिडेरिटी, इक्वेलिटी, सस्टेनेबिलिटी” — के अनुरूप होंगी। दलेला ने यह भी पुष्टि की कि समिट के दौरान कई द्विपक्षीय बैठकों की योजना बनाई गई है।
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच मजबूत लोकतांत्रिक साझेदारी और हाल ही में अफ्रीकन यूनियन का G20 में स्थायी सदस्य के रूप में शामिल होना, इस समिट के फैसलों और भविष्य के सहयोग पर महत्वपूर्ण प्रभाव डालने वाला है।





