‘हेरा फेरी 3’ से परेश रावल का हटना बना विवाद, अब मामला पहुंचा कानूनी लड़ाई तक

बॉलीवुड की सबसे पसंदीदा कॉमेडी फ्रेंचाइजी में से एक ‘हेरा फेरी’ के तीसरे पार्ट को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। फिल्म में ‘बाबूराव’ का आइकॉनिक किरदार निभा चुके परेश रावल अब इस फिल्म का हिस्सा नहीं होंगे। उनके फिल्म से हटने के फैसले ने फैंस ही नहीं, फिल्म इंडस्ट्री को भी हैरान कर दिया है। अब इस मामले ने कानूनी रूप ले लिया है और परेश रावल के वकील ने इस पर आधिकारिक बयान जारी किया है।
वकील के मुताबिक, परेश रावल ने ‘हेरा फेरी 3’ के लिए मार्च में टर्म शीट साइन की थी, वो भी बिना किसी लीगल सलाह के। बताया गया है कि उस समय परेश एक अन्य फिल्म ‘भूत बंगला’ की शूटिंग कर रहे थे और उसी दौरान अक्षय कुमार ने उन्हें भरोसा दिलाया था कि बाद में सब कुछ ठीक हो जाएगा और कॉन्ट्रैक्ट बाद में देखा जाएगा। इसी व्यक्तिगत भरोसे पर परेश ने बिना स्क्रिप्ट और स्क्रीनप्ले देखे ही टर्म शीट पर दस्तखत कर दिए।
परेश रावल की नाराजगी की असली वजह स्क्रिप्ट और स्क्रीनप्ले को लेकर रही। वकील का कहना है कि साइनिंग के बाद परेश ने कई बार प्रोडक्शन टीम से स्क्रिप्ट, स्क्रीनप्ले और फाइनल कॉन्ट्रैक्ट की मांग की, लेकिन उन्हें बार-बार टाला गया। फिल्म की कोई ठोस योजना या स्पष्ट दस्तावेज न मिलने के चलते आखिरकार परेश रावल ने फिल्म छोड़ने का फैसला किया।
इतना ही नहीं, परेश के वकील ने यह भी दावा किया है कि अप्रैल में उन्हें एक प्रमोशनल वीडियो शूट करने के लिए मजबूर किया गया, जबकि तब तक फिल्म की स्क्रिप्ट तक फाइनल नहीं हुई थी। यह शूट ‘भूत बंगला’ के सेट पर ही करवाया गया और जब परेश ने इससे इनकार करने की कोशिश की, तो आईपीएल प्रमोशनल डेडलाइन का हवाला देकर उन्हें शूट पूरा करने के लिए कहा गया।
अब मामला कानूनी मोड़ ले चुका है और आने वाले दिनों में इस पर प्रोडक्शन हाउस की प्रतिक्रिया का इंतजार है। वहीं फैंस यह जानने को बेताब हैं कि ‘बाबू राव’ के बिना ‘हेरा फेरी 3’ आखिर कैसे बनेगी।





