भारत

गुजरात में पाक जासूसी नेटवर्क का खुलासा, एक और संदिग्ध गिरफ्तार, घुसपैठ की कोशिश भी नाकाम

गुजरात में सुरक्षा एजेंसियों ने दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया है। एक ओर जहां एटीएस ने पाकिस्तानी जासूसी नेटवर्क से जुड़े एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है, वहीं बीएसएफ ने भारत-पाक सीमा पर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया।

गुजरात एटीएस ने कच्छ जिले के दयापार गांव से सहदेव सिंह गोहिल नाम के एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वह स्वास्थ्य कर्मचारी के तौर पर काम कर रहा था, लेकिन आरोप है कि वह पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहा था। अधिकारियों के मुताबिक, सहदेव ने भारतीय नौसेना और सीमा सुरक्षा बल (BSF) से जुड़ी गोपनीय जानकारियां पाकिस्तान को भेजी थीं। इसके बदले उसे करीब ₹40,000 रुपये मिले।

जानकारी के अनुसार, सहदेव एक महिला ‘आदिति भारद्वाज’ के संपर्क में था, जो संभवतः एक पाकिस्तानी एजेंट है। हालांकि जांच में यह भी सामने आया है कि यह नाम फर्जी हो सकता है और किसी पाकिस्तानी हैंडलर द्वारा इस्तेमाल किया गया हो। एटीएस ने सहदेव का मोबाइल फोन जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। एजेंसियां इस पूरे जासूसी नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही हैं।


दूसरी तरफ, बीएसएफ (BSF) ने गुजरात के बनासकांठा जिले में भारत-पाक सीमा पर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया। घटना 23 मई की रात की है जब एक संदिग्ध व्यक्ति को अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर भारतीय सीमा में घुसते हुए देखा गया। बीएसएफ जवानों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन जब वह नहीं रुका तो जवानों ने फायरिंग की। फायरिंग में घुसपैठिया मौके पर ही ढेर हो गया। बीएसएफ ने कहा है कि वह सीमा की सुरक्षा के लिए पूरी तरह चौकस है और किसी भी घुसपैठ को सफल नहीं होने देगा।

इन दोनों घटनाओं के बाद गुजरात में सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट पर हैं। एटीएस और बीएसएफ अब राज्य में पाक जासूसी नेटवर्क और सीमा पार से हो रही गतिविधियों की गहन जांच कर रही हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button