भारत

पहलगाम आतंकी हमला: केंद्र सरकार ने उठाए राहत के कदम, विशेष उड़ानों की व्यवस्था

पहलगाम के बैसरन इलाके में हुए आतंकी हमले के बाद पूरे देश में गुस्से की लहर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आतंकियों ने चुन-चुनकर हिंदू पर्यटकों को निशाना बनाया, जिससे लोगों में और ज्यादा आक्रोश फैल गया है। हमले के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और पूरे देश में आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है।

गृह मंत्री अमित शाह हालात की समीक्षा के लिए कश्मीर पहुंचे हैं, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सऊदी अरब दौरे से लौट आए हैं। इसी बीच, नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने स्थिति पर तत्काल कार्रवाई की है और पीड़ितों की मदद के लिए कई उपाय शुरू किए हैं। श्रीनगर से दिल्ली और मुंबई के लिए चार विशेष फ्लाइट्स की व्यवस्था की गई है, जबकि अतिरिक्त उड़ानों को भी स्टैंडबाय पर रखा गया है। मंत्री ने सभी एयरलाइंस को निर्देश दिया है कि टिकटों की कीमत न बढ़ाई जाए, ताकि यात्रियों को किसी भी तरह की परेशानी न हो।

राम मोहन नायडू ने एयरलाइन ऑपरेटरों के साथ बैठक की और स्पष्ट कहा कि इस संकट के समय ‘सर्ज प्राइसिंग’ बिलकुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी कंपनियों को टिकट की सामान्य दरें बनाए रखने को कहा गया है। मंत्री ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू से बात की। दिल्ली स्थित आंध्र भवन में विशेष हेल्प डेस्क शुरू किया गया है, जहां से कश्मीर में फंसे तेलुगु लोगों की सहायता की जा रही है।

पर्यटक या उनके परिवार मदद के लिए इन नंबरों पर संपर्क कर सकते हैं:
9818395787 और 01123387089
यह हेल्पलाइन दिल्ली के आंध्र भवन में चौबीसों घंटे काम कर रही है।

मंत्री ने एयरलाइंस से कहा है कि इस हमले में जिन लोगों की जान गई है, उनके शवों को उनके घरों तक पहुंचाने में पूरी सहायता दी जाए। इस काम में एयरलाइंस को राज्य सरकारों और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर काम करना होगा।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button