ताज़ा खबरें

ऑपरेशन सिंदूर: भारतीय सेना का एक्शन मोड, जानिए कौन-कौन से आतंकी ठिकाने बने निशाना

बुधवार को भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (पीओजेके) में मौजूद आतंकी ठिकानों पर सटीक हमले किए। इस ऑपरेशन में भारतीय थलसेना, वायुसेना और नौसेना ने संयुक्त रूप से भाग लिया। सभी नौ ठिकानों पर हमला सफल बताया गया है। सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रातभर इस ऑपरेशन पर नजर रखी।

भारत ने जिन नौ ठिकानों को निशाना बनाया, उनमें चार पाकिस्तान में—बहावलपुर, मुरिदके, सियालकोट और शकरगढ़—जबकि पांच पीओजेके में थे। इन ठिकानों का इस्तेमाल आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद, लश्कर-ए-तैयबा और हिजबुल मुजाहिदीन जैसे गुटों द्वारा भारत में हमले की योजना और प्रशिक्षण के लिए किया जा रहा था।

हमले के प्रमुख ठिकानों में शामिल थे:

बहावलपुर का मरकज़ सुब्हान अल्लाह: जैश-ए-मोहम्मद का मुख्यालय, जहां पुलवामा हमले की योजना बनी थी। यहीं जैश प्रमुख मसूद अजहर और उनके परिवार के अन्य सदस्य रहते हैं।

मुरिदके का मरकज़ तैयबा: लश्कर-ए-तैयबा का सबसे बड़ा ट्रेनिंग सेंटर, जिसे ओसामा बिन लादेन ने भी फंडिंग दी थी। यहीं 26/11 मुंबई हमले की साजिश रची गई थी।

सियालकोट का मेहमूना जोया केंद्र: हिजबुल मुजाहिदीन का ट्रेनिंग और लॉन्चिंग सेंटर, जहां से जम्मू क्षेत्र में आतंकियों की घुसपैठ कराई जाती है।

नरोवाल ज़िले का सरजाल केंद्र: यह जैश-ए-मोहम्मद का बड़ा ठिकाना है जो सरकार की इमारतों की आड़ में चलाया जा रहा था। यहां से ड्रोन और सुरंगों के जरिए घुसपैठ कराई जाती थी।

पीओजेके में बारनाला का मरकज़ अहले हदीस: लश्कर का प्रमुख अड्डा जो पुंछ-राजौरी सेक्टर में घुसपैठ की योजना बनाता था।

कोटली में मरकज़ अब्बास और मस्कर रहील शाहिद: जैश और हिजबुल के बड़े ट्रेनिंग सेंटर, जहां हथियारों की ट्रेनिंग, स्नाइपर और बीएटी एक्शन की तैयारी कराई जाती थी।

मज़फ्फराबाद का शवाई नाला कैंप: जिसे बैत-उल-मुजाहिदीन के नाम से जाना जाता है, ये लश्कर का बड़ा ट्रेनिंग सेंटर है। यहीं अजमल कसाब समेत 26/11 के हमलावरों को ट्रेनिंग दी गई थी।

मरकज़ सैयदना बिलाल: जैश का ट्रांजिट कैंप जहां आतंकियों को लॉन्चिंग से पहले कुछ समय के लिए रखा जाता है। यहां पाकिस्तान की स्पेशल सर्विस ग्रुप (SSG) के कमांडो भी ट्रेनिंग देते हैं।

इन सभी ठिकानों पर भारत ने पूरी तैयारी और खुफिया जानकारियों के आधार पर सर्जिकल स्ट्राइक की। ये सभी हमले भारतीय सीमा से ही किए गए। भारत ने साफ किया कि किसी भी पाकिस्तानी सैन्य ठिकाने को निशाना नहीं बनाया गया और यह कार्रवाई पूरी तरह सीमित और जवाबी थी। ये हमले जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में किए गए, जिसमें 26 लोगों की जान गई थी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button