भारत

ऑपरेशन सिंदूर: SCALP और HAMMER से लेकर कामिकाजे ड्रोन तक, जानिए भारत के सटीक हथियार

पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 निर्दोष नागरिकों की हत्या के दो हफ्ते बाद भारत ने आतंक के खिलाफ बड़ा जवाब दिया है। बुधवार तड़के 1:44 बजे भारत ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में मौजूद 9 बड़े आतंकी ठिकानों पर एक साथ सर्जिकल हमला किया। यह हमला खास इसलिए भी है क्योंकि 1971 युद्ध के बाद पहली बार भारतीय थल सेना, वायुसेना और नौसेना ने मिलकर कोई सैन्य ऑपरेशन किया है।

इस ऑपरेशन में भारत ने पहली बार अपनी उन्नत टेक्नोलॉजी का ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा। हमले में SCALP क्रूज मिसाइल, HAMMER बम और ‘कामिकाजे ड्रोन’ जैसे एडवांस हथियारों का इस्तेमाल हुआ। इन हथियारों ने आतंकियों के छिपे ठिकानों को सटीकता से तबाह कर दिया।

क्या हैं SCALP और HAMMER हथियार?

भारतीय वायुसेना ने राफेल लड़ाकू विमानों से SCALP क्रूज मिसाइलें दागीं, जिनकी रेंज 250 किलोमीटर से ज्यादा है। इन मिसाइलों में BROACH वारहेड होता है, जो जमीन के नीचे बने मजबूत बंकरों और इमारतों को भी ध्वस्त कर सकता है। इसके साथ ही HAMMER बम का इस्तेमाल भी किया गया, जो 70 किलोमीटर दूर से भी निशाना लगा सकते हैं। ये बम हल्के, स्मार्ट और सटीक होते हैं और इन्हें मिशन के हिसाब से बदला भी जा सकता है।

कामिकाजे ड्रोन: युद्ध का नया चेहरा

इस ऑपरेशन में भारत ने ‘कामिकाजे ड्रोन’ भी इस्तेमाल किए, जिन्हें ‘लोइटरिंग म्युनिशन’ कहा जाता है। ये ड्रोन आसमान में लंबे समय तक चक्कर लगाते रहते हैं और जैसे ही टारगेट दिखता है, खुद ही जाकर उसमें टकरा जाते हैं और धमाका करते हैं।

ये ड्रोन दुश्मन की सीमा में चुपचाप घुस सकते हैं।

रडार में नहीं आते और एकदम सटीक हमला करते हैं।

एक ड्रोन की कीमत करीब 20,000 डॉलर है, जबकि आम मिसाइल की कीमत 10 लाख डॉलर तक होती है।

एक साथ कई ड्रोन छोड़े जाएं तो ये दुश्मन के एयर डिफेंस सिस्टम को भी चकमा दे सकते हैं।

‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने साफ कर दिया है कि अब भारत आतंक के खिलाफ सिर्फ जवाबी कार्रवाई नहीं, बल्कि सटीक, तकनीक आधारित और न्यूनतम नुकसान वाली कार्रवाई करेगा। भारत ने स्पष्ट किया है कि इस ऑपरेशन में पाकिस्तानी सेना की किसी भी ठिकाने को निशाना नहीं बनाया गया, सिर्फ आतंक के केंद्रों को खत्म किया गया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुद पूरी रात ऑपरेशन पर नजर रखी, जबकि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल ने अमेरिका के अधिकारियों को भी इसकी जानकारी दी। अमेरिका के सीनेटर मार्को रुबियो ने कहा, “हम हालात पर नजर बनाए हुए हैं।”

ऑपरेशन सिंदूर ना सिर्फ भारत की सैन्य ताकत का प्रदर्शन है, बल्कि यह एक नई रणनीति की शुरुआत भी है — जिसमें आधुनिक तकनीक और सटीकता के साथ आतंक के खिलाफ निर्णायक कदम उठाए जा रहे हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button