AI साइंस-टेक्नोलॉजी

नई दिल्ली में खुलेगा ओपनएआई का पहला ऑफिस, जानिए क्या है बड़ी प्लानिंग

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की दिग्गज कंपनी ओपनएआई ने भारत में अपनी टीम बनाने की शुरुआत कर दी है। कंपनी ने पहली बार भारत में नौकरी के लिए विज्ञापन जारी किए हैं। फिलहाल भारत में ओपनएआई की सिर्फ एक कर्मचारी हैं – प्रज्ञा मिश्रा, जो पब्लिक पॉलिसी और पार्टनरशिप्स का काम देखती हैं। अब कंपनी ने तीन अहम पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू की है।

ये पद अकाउंट डायरेक्टर (डिजिटल नेटिव्स), अकाउंट डायरेक्टर (लार्ज एंटरप्राइज) और अकाउंट डायरेक्टर (स्ट्रैटेजिक्स) के हैं। सभी भर्तियां सेल्स डिविजन में हो रही हैं, जो ओपनएआई की गो-टू-मार्केट टीम का हिस्सा है। इस टीम में सेल्स, सपोर्ट, मार्केटिंग और पार्टनरशिप प्रोफेशनल शामिल होते हैं। कंपनी ने इन भूमिकाओं को बेहद अहम बताते हुए कहा कि इन पदों पर काम करने के लिए तकनीकी समझ, विजन, पार्टनरशिप और वैल्यू-ड्रिवन स्ट्रैटेजी की जरूरत होगी।

22 अगस्त को ओपनएआई ने भारत में अपना लोकल यूनिट सेटअप करने और नई दिल्ली में पहला ऑफिस खोलने की घोषणा की थी। कंपनी के सीईओ सैम ऑल्टमैन ने कहा कि भारत में एआई को लेकर उत्साह और अवसर अद्भुत हैं। यहां शानदार टेक टैलेंट, बेहतरीन डेवलपर इकोसिस्टम और सरकार का मजबूत समर्थन है। हमारा लक्ष्य है भारत के लिए और भारत के साथ मिलकर एआई को आगे बढ़ाना। ओपनएआई के अनुसार भारत चैटजीपीटी का दूसरा सबसे बड़ा बाजार है। पिछले एक साल में भारत में साप्ताहिक सक्रिय उपयोगकर्ता चार गुना बढ़े हैं। भारत ओपनएआई प्लेटफॉर्म पर टॉप 5 डेवलपर मार्केट में शामिल है और चैटजीपीटी पर दुनिया में सबसे ज्यादा छात्र भारत से हैं।

कंपनी ने भारतीय यूजर्स के लिए कई नए कदम उठाए हैं। हाल ही में ओपनएआई ने ChatGPT Go नाम से एक सस्ती सब्सक्रिप्शन योजना शुरू की है, जिसकी कीमत 399 रुपये प्रति माह है और इसमें यूपीआई इंटीग्रेशन भी शामिल है। इसके अलावा, ओपनएआई ने भारत सरकार के साथ मिलकर एआई साक्षरता बढ़ाने के लिए राष्ट्रीय स्तर पर OpenAI Academy लॉन्च की है। कंपनी ने इंडिक लैंग्वेज सपोर्ट को भी मजबूत किया है। जीपीटी-5 मॉडल में भारतीय भाषाओं को लेकर काफी सुधार किया गया है। छात्रों के लिए एक नया स्टडी मोड भी पेश किया गया है, जिसमें इंटरैक्टिव और पर्सनलाइज्ड लर्निंग फीचर्स शामिल हैं।

ओपनएआई इस महीने भारत में अपना पहला एजुकेशन समिट आयोजित करने जा रही है और साल के अंत तक पहला डेवलपर डे भी आयोजित करने की योजना है। यह सब दर्शाता है कि भारत ओपनएआई के लिए कितना अहम बाजार बन चुका है और आने वाले समय में एआई सेक्टर में भारत की भूमिका और मजबूत होगी।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button