“एयरपोर्ट पर पानी नहीं!” – एक्ट्रेस हिना बेयात का पाकिस्तान के सिस्टम पर फूटा गुस्सा

मशहूर पाकिस्तानी एक्ट्रेस हिना बेयात ने कराची इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर पानी की भारी किल्लत को लेकर सोशल मीडिया पर सरकार और सिस्टम पर नाराजगी जताई है। उन्होंने एक वीडियो शेयर कर एयरपोर्ट की खस्ता हालत को उजागर किया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो ट्विटर हैंडल Frontalforce पर शेयर किया गया है।
Water shortage reported from Karachi airport, Pak awam crying on video..pic.twitter.com/4W2u9bNtpH
— Frontalforce 🇮🇳 (@FrontalForce) May 29, 2025
हिना बेयात ने वीडियो में कहा, “आज यौम-ए-तकबीर है और हम पाकिस्तान की उपलब्धियों को सेलिब्रेट कर रहे हैं, लेकिन कराची इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर वॉशरूम में पानी तक नहीं है। लोग नमाज पढ़ने और बच्चों को वॉशरूम ले जाने के लिए परेशान हैं। आखिर हमारे एयरपोर्ट, संस्थान और सिस्टम की ये हालत क्यों हो गई है?” उन्होंने आगे कहा, “नए प्रोजेक्ट्स, नई ट्रेनों की बातें तो हो रही हैं, लेकिन पुराने और जरूरी सिस्टम जैसे एयरपोर्ट पर पानी की सुविधा को नजरअंदाज किया जा रहा है। ये बेहद अफसोसनाक है कि कोई ये मानने को तैयार नहीं कि ये गड़बड़ियां हैं और इन्हें सुधारने की जरूरत है।”
हिना ने अपने सोशल मीडिया स्टोरी में पाकिस्तान सरकार और एयरपोर्ट अथॉरिटी को टैग भी किया, ताकि उन्हें इस समस्या की गंभीरता का एहसास हो। एक तरफ जहां कुछ लोग हिना की बातों से सहमत नजर आए, वहीं कई यूजर्स ने पाकिस्तान की हालत को लेकर सरकार को ट्रोल करना शुरू कर दिया।
एक यूजर ने लिखा – “उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की उपलब्धियों को सेलिब्रेट करना चाहिए, पर क्या IMF से 1 अरब डॉलर और तुर्की से 2 अरब डॉलर का कर्ज लेना कोई उपलब्धि है?” दूसरे यूजर ने तंज कसते हुए कहा – “सेलिब्रेशन तब होता है जब वाकई कुछ अचीव किया गया हो!”
पाकिस्तान इस समय आर्थिक संकट से गुजर रहा है। देश में महंगाई चरम पर है और आम लोग अपनी जीवनशैली में कटौती करने को मजबूर हैं। ऐसे में कराची एयरपोर्ट जैसी अहम जगहों पर बुनियादी सुविधाओं का न होना, सरकार और सिस्टम पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
हिना बेयात की बातों ने एक बार फिर पाकिस्तान में बुनियादी सुविधाओं की बदहाल स्थिति को सामने ला दिया है। सोशल मीडिया के जरिए आवाज उठाकर उन्होंने न सिर्फ अपनी चिंता जताई, बल्कि सिस्टम को भी आइना दिखाने की कोशिश की है।





