आतंकवाद पर कोई भी दोहरा मापदंड स्वीकार्य नहीं: SCO में बोले पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीन के तियानजिन में चल रहे शंघाई सहयोग संगठन के शिखर सम्मेलन में बोलते हुए आतंकवाद को दुनिया के लिए बड़ा खतरा बताया. पीएम मोदी ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के सामने ही कहा कि पहलगाम में दुनिया ने आतंक का घिनौना रूप देखा. उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद का दंश झेल रहा है और आतंकवाद पर दोहरा रवैया नहीं चलेगा.
पीएम मोदी ने यहां कहा, “भारत पिछले चार दशकों से आतंकवाद का दंश झेल रहा है… हाल ही में, हमने पहलगाम में आतंकवाद का घिनौना रूप देखा. इस दुख की घड़ी में जो मित्र देश हमारे साथ खड़े रहे मैं उनका आभार व्यक्त करता हूं.”
यह(पहलगाम) हमला मानवता में विश्वास रखने वाले हर देश और व्यक्ति को खुली चुनौती थी. ऐसे में प्रश्न उठना स्वाभाविक है कि क्या कुछ देशों द्वारा आतंकवाद को खुला समर्थन हमें स्वीकार्य हो सकता है. हमें स्पष्ट रूप से और एक स्वर में कहना होगा कि आतंकवाद पर कोई भी दोहरा मापदंड स्वीकार्य नहीं होंगे.
#WATCH चीन के तियानजिन में शंघाई सहयोग परिषद (SCO) के सदस्यों के सत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “… यह(पहलगाम) हमला मानवता में विश्वास रखने वाले हर देश और व्यक्ति को खुली चुनौती थी। ऐसे में प्रश्न उठना स्वाभाविक है कि क्या कुछ देशों द्वारा आतंकवाद को खुला समर्थन हमें… pic.twitter.com/kHtNAyUY65
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 1, 2025
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चीन के तियानजिन में शंघाई सहयोग परिषद (एससीओ) के सदस्यों के सत्र में भारत का वक्तव्य दिया. उन्होंने कहा, “मुझे एससीओ शिखर सम्मेलन में भाग लेते हुए खुशी हो रही है. हमारे भव्य स्वागत के लिए मैं राष्ट्रपति शी जिनपिंग का आभार व्यक्त करता हूं. आज उज़्बेकिस्तान का स्वतंत्रता दिवस है, इस अवसर पर मैं उन्हें बधाई और शुभकामनाएं देता हूँ.”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “भारत ने SCO के सक्रिय सदस्य के रूप में हमेशा रचनात्मक और सकारात्मक भूमिका निभाई है. एससीओ को लेकर भारत का दृष्टिकोण और नीति तीन महत्वपूर्ण स्तंभों पर आधारित है: S – सिक्योरिटी, C – कनेक्टिविटी और 0 – अपॉर्चुनिटी.”





