सलमान खान की ‘सिकंदर’ का नया पोस्टर जारी, आज रिलीज होगा धमाकेदार ट्रेलर

सुपरस्टार सलमान खान की आगामी फिल्म ‘सिकंदर’ को लेकर उनके प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। ए.आर. मुरुगादॉस के निर्देशन में बनी इस फिल्म का ट्रेलर आज रविवार, 23 मार्च को शाम को मुंबई में एक भव्य कार्यक्रम में लॉन्च किया जाएगा। ट्रेलर लॉन्च से कुछ घंटे पहले ही निर्माताओं ने फिल्म का नया पोस्टर जारी कर दिया है, जिसमें पूरी स्टार कास्ट नजर आ रही है।
फिल्म के इस नए पोस्टर में सलमान खान के साथ रश्मिका मंदाना, प्रतीक बब्बर, सत्यराज, काजल अग्रवाल, अंजिनी धवन और शरमन जोशी समेत पूरी कास्ट दिखाई दे रही है। यह पहली बार है जब निर्माताओं ने आधिकारिक रूप से फिल्म की पूरी स्टार कास्ट को सामने लाया है। इस पोस्टर को नाडियाडवाला ग्रैंडसन के आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर शेयर किया गया है।
पोस्टर के साथ कैप्शन में लिखा गया, “बस अब मुड़ने की देर है, दिल थाम के बैठे हैं, बस कुछ घंटे बाकी हैं!” इस टीजर के बाद फैंस की एक्साइटमेंट और बढ़ गई है, क्योंकि फिल्म के ट्रेलर को लेकर वे लंबे समय से इंतजार कर रहे थे।
फिल्म ‘सिकंदर’ में सलमान खान पहली बार ए.आर. मुरुगादॉस के निर्देशन में काम कर रहे हैं। यह फिल्म सलमान की सुपरहिट फिल्म ‘किक’ के निर्माता साजिद नाडियाडवाला के बैनर तले बनी है। खास बात यह है कि इस फिल्म में रश्मिका मंदाना पहली बार सलमान के साथ स्क्रीन शेयर करेंगी। फिल्म की शूटिंग हैदराबाद और मुंबई में की गई है और यह 30 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
अब सभी की नजरें आज शाम रिलीज होने वाले ‘सिकंदर’ के ट्रेलर पर टिकी हैं, जिससे फिल्म की कहानी और एक्शन का अंदाजा लगाया जा सकेगा।





