मुंबई: बॉलीवुड अभिनेता अभिमन्यु सिंह के घर से करोड़ों की चोरी का मामला सुलझा, 92% माल बरामद

मुंबई. मुंबई के अंधेरी पश्चिम स्थित पॉश लोखंडवाला इलाके में बॉलीवुड अभिनेता अभिमन्यु सिंह के घर से हुई करोड़ों रुपये की चोरी का मामला ओशिवारा पुलिस ने सुलझा लिया है. पुलिस ने एक आदतन चोर को गिरफ्तार करते हुए चोरी के लगभग 92 फीसदी माल को बरामद कर लिया है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह वारदात 29 दिसंबर 2025 की रात लोखंडवाला स्थित मैगनम टॉवर के बंगला नंबर 15 में अंजाम दी गई थी. आरोपी ने बाथरूम की खिड़की के रास्ते घर में प्रवेश किया और अलमारी में रखी तिजोरी को चुरा ले गया. तिजोरी में सोने, चांदी और हीरे के कीमती आभूषणों के साथ बड़ी मात्रा में नकदी रखी हुई थी. प्रारंभिक जांच में चोरी गए माल का मूल्य करीब 1 करोड़ 37 लाख 20 हजार रुपये आंका गया.
घटना की सूचना मिलने पर ओशिवारा पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. आरोपी के स्थायी पते की जानकारी न होने के कारण मामले की जांच चुनौतीपूर्ण थी. वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सहायक पुलिस निरीक्षक विकास कदम की अगुवाई में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसने तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूत्रों की सहायता से जांच को आगे बढ़ाया.
पुलिस ने लगातार दो दिनों तक इलाके में सघन निगरानी की और ट्रैप लगाया, जिसके परिणामस्वरूप 3 जनवरी 2026 को आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली. गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली. उसकी निशानदेही पर पुलिस ने करीब 1 करोड़ 26 लाख 10 हजार 450 रुपये मूल्य के सोने, चांदी और हीरे के आभूषण बरामद किए हैं.
जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी एक पुराना अपराधी है. मुंबई के विभिन्न पुलिस थानों में उसके खिलाफ पहले से ही 14 आपराधिक मामले दर्ज हैं. पुलिस को संदेह है कि इस गिरफ्तारी से ओशिवारा और आसपास के इलाकों में हुई अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है. फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और उससे विस्तृत पूछताछ जारी है.





