मुंबई: दशहरा वाले दिन एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हुई हत्या, सुपारी देकर करवाई गयी हत्या

मुंबई: दशहरा वाले दिन एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हुई हत्या, सुपारी देकर करवाई गयी हत्या
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के बांद्रा में दशहरे वाले दिन बड़ा कांड हो गया। यहाँ राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दिग्गज नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की सरेआम गोली मारकर हत्या की गयी है। मुंबई के बांद्रा इलाके के खेर नगर में उनके विधायक बेटे जीशान सिद्दीकी के ऑफिस के बाहर तीन लोगों ने शनिवार रात गोली मार दी थी। जिसके बाद आज रात 8:30 बजे मरीन लाइंस स्टेशन के सामने बड़ा कब्रिस्तान में उन्हें सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
बता दें कि इस घटना में मुंबई पुलिस ने सुपारी किलिंग की आशंका जताई है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक इस वारदात को तीन शूटर्स ने मिलकर अंजाम दिया। उन्होंने दो बंदूकों से 6 राउंड फायरिंग की। इनमें बाबा को 3 गोलियां लगीं। 2 गोलियां उनके पेट और 1 सीने पर लगी। इनमें से पुलिस ने दो को गिरफ्तार भी कर लिया है। पुलिस की पूछताछ में दोनों ने बताया है कि बाबा सिद्दीकी के बारे में उन्हें खास जानकारी नहीं थी। दोनों गिरफ्तार अपराधियों के नाम करनैल सिंह और धर्मराज कश्यप हैं।
पुलिस के मुताबिक, बाबा सिद्दीकी को गोली मारने वाला करनैल सिंह हरियाणा का रहने वाला है। वहीं, धर्मराज कश्यप उत्तर प्रदेश का निवासी है। इन दोनों शूटर्स को बाबा सिद्दीकी के राजनीतिक या सामाजिक रसूख की ज्यादा जानकारी नहीं थी। इनकी उम्र भी कम है। इन्हें किसी दूसरे ने वारदात को अंजाम देने को कहा था। हालांकि, उसका नाम सामने नहीं आया है। दोनों अपराधियों की हिस्ट्री शीट खंगाली जा रही है।





