बैन के बाद भी सोशल मीडिया पर नाबालिग, ऑस्ट्रेलिया सरकार ने कसा शिकंजा

ऑस्ट्रेलिया सरकार ने बड़ी टेक कंपनियों के खिलाफ जांच शुरू की है। यह कदम तब उठाया गया जब सामने आया कि देश में बैन के बावजूद 16 साल से कम उम्र के बच्चे अब भी सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर रहे हैं।
यह जांच Meta, TikTok, Google और Snap जैसी कंपनियों पर केंद्रित है। इन पर आरोप है कि इन्होंने नए नियमों को सही तरीके से लागू नहीं किया।
दरअसल, दिसंबर में लागू हुए नए कानून के तहत 16 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए Instagram, Facebook, Snapchat, TikTok और YouTube जैसे प्लेटफॉर्म पर रोक लगाई गई है। नियमों का पालन न करने पर कंपनियों पर करीब 49.5 मिलियन ऑस्ट्रेलियाई डॉलर तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
हालांकि, एक रिपोर्ट में सामने आया कि बैन से पहले जिन बच्चों के अकाउंट थे, उनमें से करीब 70% अब भी सोशल मीडिया का इस्तेमाल कर रहे हैं। वहीं, 31% अभिभावकों ने भी माना कि उनके बच्चों के पास अब भी कम से कम एक सोशल मीडिया अकाउंट है।
ऑस्ट्रेलिया की संचार मंत्री Anika Wells ने टेक कंपनियों की आलोचना करते हुए कहा कि उन्होंने नियमों को लागू करने में सिर्फ “न्यूनतम प्रयास” किए हैं। eSafety आयोग के अनुसार, उम्र की सही जांच न होना इसकी बड़ी वजह है। कंपनियों का कहना है कि उम्र की सही पहचान करना आसान नहीं है, खासकर उन यूजर्स के लिए जो 16 साल के आसपास हैं। कुछ कंपनियों ने ऐप स्टोर और डिवाइस लेवल पर भी सख्त नियम बनाने की मांग की है।
सरकार का कहना है कि जांच जारी है और नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा।





