नागपुर में विस्फोटक फैक्ट्री में भीषण धमाका, 15 की मौत, 18 गंभीर घायल

महाराष्ट्र के नागपुर जिले में रविवार सुबह एक बड़ा और दर्दनाक हादसा हो गया। कटोल तहसील के राउलगांव इलाके में स्थित एक विस्फोटक फैक्ट्री में जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। इस हादसे में कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि 18 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। धमाका इतना तेज था कि इसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनी गई और आसपास की इमारतें भी हिल गईं।
डेटोनेटर पैकिंग यूनिट में हुआ विस्फोट
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, यह विस्फोट खनन और औद्योगिक उपयोग के लिए विस्फोटक बनाने वाली कंपनी SBL Energy Limited की फैक्ट्री में हुआ। न्यूज एजेंसी Press Trust of India (पीटीआई) ने कंपनी के प्रतिनिधियों के हवाले से बताया कि घटना सुबह करीब 7 बजे से 7:15 बजे के बीच हुई। विस्फोट कंपनी की डेटोनेटर पैकिंग यूनिट में हुआ, जहां उस समय कई कर्मचारी काम कर रहे थे। अचानक हुए धमाके से वहां अफरा-तफरी मच गई और कई लोग इसकी चपेट में आ गए।
राहत-बचाव अभियान जारी, जांच शुरू
धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंच गईं। घायलों को तुरंत नागपुर के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। नागपुर ग्रामीण के एसपी हर्ष पोद्दार ने बताया कि अब तक 15 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है और 18 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।
कंपनी के एक अधिकारी ने कहा कि राहत और बचाव कार्य जारी है और घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रशासन ने पूरे इलाके को घेर लिया है और सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। फिलहाल हादसे के पीछे की असली वजह का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है।





