भारत

देवघर में बड़ा सड़क हादसा, कांवरियों से भरी बस ट्रक से टकराई, 18 की मौत

झारखंड के देवघर जिले में मंगलवार को सावन महीने की कांवर यात्रा के दौरान एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। जमुनिया गांव के पास कांवरियों से भरी एक बस और गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक की टक्कर में 18 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 10 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भयानक था कि बस के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।

यह हादसा देवघर के मोहनपुर ब्लॉक में जमुनिया नदी के किनारे हुआ। बताया जा रहा है कि बस में करीब 35 कांवरिए सवार थे, जो बाबा बैद्यनाथ धाम में जल अर्पित करने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे गैस सिलेंडर लदे ट्रक से बस की सीधी भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, टक्कर इतनी तेज थी कि बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और कई यात्री बस के अंदर फंस गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, एम्बुलेंस और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

घायलों को तुरंत पास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और देवघर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। देवघर के सांसद निशिकांत दुबे ने इस हादसे पर दुख जताते हुए X (पहले ट्विटर) पर लिखा, “मेरे लोकसभा क्षेत्र देवघर में श्रावण मास की कांवर यात्रा के दौरान बस और ट्रक की टक्कर में 18 श्रद्धालुओं की मृत्यु हो गई। बाबा बैद्यनाथ से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति और परिजनों को यह दुख सहने की शक्ति मिले।”


घटना के बाद जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। मौके पर क्रेन बुलाकर क्षतिग्रस्त बस को हटाया गया। प्रारंभिक जांच शुरू कर दी गई है, जिसमें यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि कहीं बस या ट्रक चालक की लापरवाही तो हादसे की वजह नहीं बनी। यह हादसा श्रावणी मेले के दौरान हुआ, जब हर साल हजारों श्रद्धालु जल चढ़ाने बाबा बैद्यनाथ धाम आते हैं। यह हादसा न सिर्फ स्थानीय लोगों बल्कि पूरे प्रदेश के श्रद्धालुओं के लिए गहरा सदमा है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button