लघु उद्योग भारती को मिली आरएसएस से प्रेरणा, सरकार MSME के साथ: राजनाथ सिंह

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को कहा कि लघु उद्योग भारती (एलयूबी) को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से प्रेरणा मिली है। उन्होंने छोटे, लघु और मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को भरोसा दिलाया कि भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के उनके प्रयासों में सरकार हरसंभव सहयोग करेगी।
सिंह ने यह बात सिंगापुर में सातवें इंडिया मैन्युफैक्चरिंग शो (IMS-2025) के उद्घाटन सत्र में ऑनलाइन संबोधन के दौरान कही। इस मौके पर उन्होंने कहा, “मुझे खुशी है कि लघु उद्योग भारती अब केवल ‘लघु’ नहीं रही। यह लगातार बढ़ रहा है और पूरे देश में अपनी पहचान बना चुका है।”
रक्षा मंत्री ने एलयूबी की सराहना करते हुए कहा कि यह संगठन अपने स्थापित होने के समय से ही छोटे उद्योगों की आवाज बन चुका है। उन्होंने कहा, “एलयूबी इस भूमिका में उभरने के लिए आरएसएस से प्रेरित हुआ है। उनका मंत्र ‘अहर्निशं सेवामहे’ यानी दिन-रात सेवा में, यह दर्शाता है कि वे हमेशा सेवा में तत्पर हैं, जैसे आरएसएस एक सदी से समाज और राष्ट्र के लिए काम कर रहा है।”
सिंह ने आगे कहा कि वे स्वयं लंबे समय से आरएसएस से जुड़े हैं। उन्होंने कहा, “मैं आरएसएस से जुड़ा रहा, जुड़ा हूं और जीवनभर जुड़ा रहूंगा।” उन्होंने एलयूबी और सभी छोटे उद्यमों से भारत को विकसित देश बनाने में सहयोग का आह्वान किया।
राजनाथ सिंह ने MSME और एलयूबी को भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलेगी। उन्होंने कहा, “यदि आप भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए एक कदम उठाते हैं, तो सरकार दस कदम चलने के लिए तैयार है। यह समय एलयूबी और एमएसएमई के लिए आगे बढ़ने का सही अवसर है।”





