यश की फिल्म ‘टॉक्सिक’ में दिखेंगी कियारा और नयनतारा, जानिए पूरी डिटेल
‘केजीएफ’ और ‘केजीएफ 2’ से बॉक्स ऑफिस पर तहलका मचाने वाले कन्नड़ सुपरस्टार यश अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘टॉक्सिक: ए फेयरी टेल फॉर ग्रोन-अप्स’ की शूटिंग में व्यस्त हैं। हाल ही में यश मुंबई पहुंचे थे, जहां उन्होंने फिल्म के अंतिम चरण की शूटिंग शुरू कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह शूटिंग कोलाबा के अफगान चर्च के पास की जा रही है और जल्द ही टीम मड आइलैंड में हाई-ऑक्टेन एक्शन सीक्वेंस शूट करेगी।
View this post on Instagram
मिड-डे की एक रिपोर्ट के अनुसार, ‘टॉक्सिक’ की शूटिंग फिलहाल अफगान चर्च के आसपास की जा रही है। इसके बाद यूनिट मड आइलैंड में शिफ्ट होगी, जहां तीन दिनों तक जबरदस्त एक्शन सीक्वेंस शूट किए जाएंगे। बताया जा रहा है कि इस शेड्यूल में सिर्फ यश शामिल होंगे, क्योंकि बाकी कलाकार अपने हिस्से की शूटिंग पूरी कर चुके हैं।
सूत्रों के मुताबिक, “फिल्म की शूटिंग के लिए स्थानीय अधिकारियों से सभी जरूरी अनुमतियां ले ली गई हैं ताकि किसी भी तरह की रुकावट न आए। शूटिंग के दौरान सुरक्षा कारणों से संबंधित इलाके को ब्लॉक कर दिया गया है।”
यश की इस फिल्म में बॉलीवुड और साउथ इंडस्ट्री की कई बड़ी अभिनेत्रियां नजर आएंगी। कियारा आडवाणी और नयनतारा इस फिल्म का हिस्सा हैं और दोनों ने अपने हिस्से की शूटिंग पूरी कर ली है। इसके अलावा तारा सुतारिया और हुमा कुरैशी भी फिल्म में अहम भूमिकाओं में हैं। वहीं, अच्युत कुमार और अक्षय ओबेरॉय भी महत्वपूर्ण किरदार निभाते नजर आएंगे।
जहां इस साल ईद पर सलमान खान और रश्मिका मंदाना की फिल्म ‘सिकंदर’ दर्शकों का मनोरंजन करने वाली है, वहीं अगले साल यश अपनी फिल्म ‘टॉक्सिक’ के साथ ईद पर बड़ा धमाका करने की तैयारी में हैं। कुछ समय पहले, यश ने सोशल मीडिया पर फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा की थी। यह फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।
इस फिल्म में यश गैंगस्टर के किरदार में नजर आएंगे, जो उनके फैंस के लिए एक बड़ा सरप्राइज हो सकता है। फिल्म का निर्देशन गीतू मोहनदास कर रही हैं और इसे लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है।





