करूर भगदड़ केस: 12 जनवरी को दिल्ली में CBI के सामने पेश होंगे थलापति विजय

इन दिनों साउथ सुपरस्टार थलापति विजय अपनी आने वाली फिल्म ‘जन नायकन’ को लेकर चर्चा में हैं। फिल्म के 9 जनवरी को रिलीज होने की संभावना है, लेकिन रिलीज से पहले ही विजय की परेशानियां बढ़ गई हैं। करूर भगदड़ मामले में CBI ने उन्हें पूछताछ के लिए नोटिस जारी किया है।
CBI के नोटिस के मुताबिक, थलापति विजय को 12 जनवरी को दिल्ली स्थित CBI मुख्यालय में पेश होना होगा। यहां उनसे तमिलनाडु के करूर में हुई भगदड़ को लेकर पूछताछ की जाएगी। दरअसल, 27 सितंबर 2025 को तमिलनाडु के करूर में विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) की एक जनसभा आयोजित की गई थी। इसी दौरान भारी भीड़ के कारण भगदड़ मच गई। इस हादसे में कई लोगों की जान चली गई और बड़ी संख्या में लोग घायल हो गए।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इस भगदड़ में कम से कम 41 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 110 से अधिक लोग घायल हो गए थे। इस घटना के बाद प्रशासन और आयोजन व्यवस्था को लेकर भी कई सवाल उठे थे। भगदड़ के अगले दिन थलापति विजय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट कर लोगों से माफी मांगी थी। उन्होंने लिखा था कि करूर में जो हुआ, वह उनके लिए बेहद दुखद और कल्पना से परे है। उन्होंने मृतकों के प्रति शोक जताया और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की थी।
विजय ने यह भी आश्वासन दिया था कि उनकी पार्टी TVK घायलों के इलाज में हर संभव मदद करेगी। हालांकि, इस घटना के बाद उन्हें कड़ी आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ा और कई लोगों ने भगदड़ के लिए उन्हें जिम्मेदार ठहराया।
अब इस मामले में CBI की पूछताछ से साफ है कि करूर भगदड़ केस में जांच और आगे बढ़ने वाली है, जिस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।





