आईपीएल 2025: आरसीबी आज पंजाब से लेगी पिछले हार का बदला, टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी

आईपीएल 2025 के 37वें मुकाबले में आज पंजाब किंग्स का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से हो रहा है। मैच में RCB के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है। टीम की नजरें इस मैच में जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में अपनी लय वापस पाने पर होंगी।
दो दिन पहले ही इन दोनों टीमों के बीच मुकाबला हुआ था, जिसमें बारिश के कारण खेल को 14-14 ओवर तक सीमित कर दिया गया था। चिन्नास्वामी स्टेडियम में हुए उस मैच में पंजाब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 विकेट से जीत दर्ज की थी। अब आरसीबी की टीम उसी हार का बदला लेने के इरादे से पंजाब के घरेलू मैदान पर उतरी है।
आरसीबी के पास फिल सॉल्ट, विराट कोहली, रजत पाटीदार और लियाम लिविंगस्टोन जैसे दमदार बल्लेबाज हैं, लेकिन पिछले मैच में यह सभी बड़े नाम जल्दी पवेलियन लौट गए थे। हालांकि, टिम डेविड ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 50 रनों की पारी खेली थी और टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया था।
अंक तालिका की बात करें तो फिलहाल आरसीबी 8 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर है, जबकि पंजाब की टीम 10 अंकों के साथ तीसरे पायदान पर काबिज है। ऐसे में दोनों टीमों के लिए यह मुकाबला काफी अहम रहने वाला है, खासकर RCB के लिए जो टूर्नामेंट में मजबूती से वापसी की तलाश में है।
पंजाब किंग्स की संभावित XII (इम्पैक्ट प्लेयर विकल्प समेत):
प्रियांश आर्य, प्रभसिमरन सिंह, श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहल वढेरा, जोश इंगलिस (विकेटकीपर), शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, मार्को यानसेन, हरप्रीत बरार, जेवियर बार्टलेट, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की संभावित XII (इम्पैक्ट प्लेयर विकल्प समेत):
फिल साल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, जोश हेजलवुड, यश दयाल।





