भारत

मोदी की मां का अपमान या विपक्ष का व्यंग्य? एआई वीडियो से गरमाई राजनीति

बिहार कांग्रेस के सोशल मीडिया अकाउंट से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां हीराबेन मोदी पर बना एक एआई-जनरेटेड वीडियो पोस्ट होने के बाद सियासत गरमा गई है। विवाद बढ़ने पर कांग्रेस ने आंतरिक जांच शुरू कर दी है। वीडियो में पीएम मोदी जैसे दिखने वाला एक किरदार सोने से पहले कहता है – “आज का वोट चोरी खत्म, अब चैन की नींद सोते हैं।” इसके बाद सपना आता है, जिसमें मां जैसी दिखने वाली महिला उसे डांटते हुए कहती हैं कि वह उनके नाम का राजनीतिक फायदा क्यों उठा रहा है। महिला पूछती हैं – “राजनीति में और कितना नीचे गिरोगे?” यह सुनकर किरदार घबरा कर उठ जाता है।

वीडियो सामने आते ही बीजेपी ने इसे शर्मनाक बताया और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। पार्टी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से लिखा गया, “पहले कांग्रेस-राजद मंच से पीएम मोदी की मां का अपमान किया गया, अब उनकी मां पर वीडियो बनाकर मजाक उड़ाया जा रहा है। कांग्रेसियों, थोड़ी तो शर्म करो।”

बीजेपी सांसद निशिकांत दुबे ने कहा कि यह कांग्रेस की “बीमार मानसिकता” को दिखाता है। उन्होंने याद दिलाया कि पीएम मोदी को पहले “मौत का सौदागर” कहा गया था और अब उनकी मां को लेकर अपमान किया जा रहा है।


बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने आरोप लगाया कि यह वीडियो राहुल गांधी के इशारे पर बनाया गया है और बिहार की जनता विधानसभा चुनाव में इसका जवाब देगी। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी कांग्रेस-राजद पर निशाना साधते हुए कहा कि किसी दिवंगत मां का मजाक उड़ाना राजनीति की गिरावट है।

बिहार कांग्रेस ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। पार्टी का कहना है कि पहले यह पता लगाया जाएगा कि वीडियो किसने साझा किया। हालांकि कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कहा – “पीएम मोदी राजनीति में हैं, उन्हें हर तरह के विरोध और विपक्ष के तंज का सामना करना चाहिए। इसमें सीखने जैसी बात है।”

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले राहुल गांधी की ‘वोट अधिकार यात्रा’ के दौरान दरभंगा में कांग्रेस-राजद मंच से पीएम मोदी की मां के खिलाफ नारेबाजी भी हुई थी। अब इस वीडियो ने विवाद को और बढ़ा दिया है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button