इंडिगो के CEO पीटर एल्बर्स ने दिया इस्तीफा, फिलहाल राहुल भाटिया संभालेंगे जिम्मेदारी

देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो में बड़ा बदलाव हुआ है। कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पीटर एल्बर्स ने अपने पद से तत्काल प्रभाव से इस्तीफा दे दिया है। एयरलाइन ने बताया कि उन्होंने निजी कारणों से यह फैसला लिया है।
राहुल भाटिया संभालेंगे अंतरिम जिम्मेदारी
इंडिगो ने बयान जारी कर कहा कि जब तक नए CEO की नियुक्ति नहीं हो जाती, तब तक कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर राहुल भाटिया एयरलाइन के कामकाज की जिम्मेदारी संभालेंगे।
राहुल भाटिया की कंपनी इंटरग्लोब एंटरप्राइजेज इंडिगो की मूल कंपनी इंटरग्लोब एविएशन की सबसे बड़ी शेयरधारक है। दिसंबर तक कंपनी में उनकी हिस्सेदारी करीब 35.69 प्रतिशत थी।
कंपनी ने जताया आभार
इंडिगो के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने पीटर एल्बर्स के योगदान के लिए उनका धन्यवाद किया और उनके भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
कौन हैं पीटर एल्बर्स
पीटर एल्बर्स को विमानन क्षेत्र में करीब 30 साल का अनुभव है। इंडिगो से पहले वह नीदरलैंड्स की एयरलाइन केएलएम रॉयल डच एयरलाइंस के CEO रह चुके हैं।
उन्होंने केएलएम में आठ साल तक नेतृत्व किया और इस दौरान नीदरलैंड्स, जापान, ग्रीस और इटली जैसे देशों में अहम जिम्मेदारियां संभालीं। एल्बर्स ने लॉजिस्टिक्स मैनेजमेंट में स्नातक और बिजनेस इकोनॉमिक्स में मास्टर्स की डिग्री हासिल की है।
2022 में संभाली थी इंडिगो की कमान
पीटर एल्बर्स ने सितंबर 2022 में इंडिगो के CEO के रूप में काम शुरू किया था। उनके कार्यकाल में एयरलाइन का राजस्व 10 अरब डॉलर से ज्यादा पहुंच गया। साथ ही कंपनी का बेड़ा 440 से ज्यादा विमानों तक बढ़ा और 500 एयरबस A320 फैमिली विमानों का बड़ा ऑर्डर भी दिया गया।
2025 में हुआ था बड़ा ऑपरेशनल संकट
हालांकि उनके कार्यकाल के दौरान दिसंबर 2025 में इंडिगो को बड़े ऑपरेशनल संकट का सामना करना पड़ा था। पायलट थकान से जुड़े नए नियमों को लागू करने में देरी के कारण देशभर में हजारों उड़ानें रद्द या देरी से चलीं। इससे तीन लाख से ज्यादा यात्रियों को परेशानी हुई थी। इंडिगो के CEO के इस्तीफे के बाद अब कंपनी नए नेतृत्व की तलाश में है। तब तक राहुल भाटिया अंतरिम तौर पर एयरलाइन के संचालन की जिम्मेदारी संभालेंगे।





