भारत

सीजफायर उल्लंघन पर भारत का सख्त जवाब, पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान की नापाक हरकतें जारी

पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भी पाकिस्तान अपनी उकसावेभरी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है। 3-4 मई की रात पाकिस्तान ने लगातार 10वें दिन सीजफायर का उल्लंघन करते हुए जम्मू-कश्मीर में नियंत्रण रेखा (LoC) के कई क्षेत्रों में छोटे हथियारों से गोलीबारी की। पाकिस्तानी सेना की यह फायरिंग कुपवाड़ा, बारामूला, पुंछ, राजौरी, मेंढर, नौशेरा, सुंदरबनी और अखनूर सेक्टरों में दर्ज की गई।

पाकिस्तान की इस उकसावेभरी कार्रवाई का भारतीय सेना ने तत्काल और प्रभावी जवाब दिया। सेना के सूत्रों के अनुसार, भारत ने बिना अतिरिक्त आक्रामकता दिखाए संयम और अनुशासन के साथ जवाबी कार्रवाई की। सेना हालात पर पैनी नजर बनाए हुए है और किसी भी दुस्साहस का करारा जवाब देने को पूरी तरह तैयार है। अब तक की जानकारी के अनुसार, गोलीबारी में किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है, लेकिन सीमावर्ती इलाकों में हाई अलर्ट जारी है।

22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया। इस हमले में आतंकवादियों ने निर्दोष टूरिस्टों को निशाना बनाकर 26 लोगों की जान ले ली। इसके बाद घाटी में फिर से दहशत का माहौल बन गया। इस हमले के बाद भारत सरकार ने आतंकवाद के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की दिशा में कई कदम उठाए हैं। सिंधु जल संधि को स्थगित कर दिया गया है, पाकिस्तानियों के वीजा रद्द किए गए हैं और कई को देश से डिपोर्ट कर दिया गया है। इसके साथ ही पाकिस्तान के साथ व्यापारिक संबंधों पर भी रोक लगा दी गई है।

सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि अब आतंकवाद के खिलाफ चुप्पी नहीं होगी और हर मोर्चे पर जवाब दिया जाएगा। एलओसी पर सीजफायर उल्लंघन भी उसी का हिस्सा है, जिसका भारतीय सेना हर बार मुंहतोड़ जवाब दे रही है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button