UN में भारत ने दिया पाकिस्तान को जवाब, कहा- जम्मू-कश्मीर हमारा था, है और रहेगा

भारत ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान द्वारा बार-बार जम्मू-कश्मीर का मुद्दा उठाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। भारत के स्थायी प्रतिनिधि परवथानेनी हरीश ने कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न हिस्सा था, है और हमेशा रहेगा। उन्होंने पाकिस्तान पर आरोप लगाया कि वह इस अंतरराष्ट्रीय मंच का इस्तेमाल झूठे दावों और गुमराह करने वाली राजनीति के लिए कर रहा है।
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में हरीश ने कहा कि पाकिस्तान बार-बार झूठे दावे कर रहा है, लेकिन इससे सच्चाई नहीं बदलती। उन्होंने यह भी साफ किया कि पाकिस्तान गैरकानूनी रूप से जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों पर कब्जा किए हुए है और उसे तुरंत वहां से हटना चाहिए।
भारत ने पाकिस्तान को सलाह दी कि वह संयुक्त राष्ट्र जैसे मंच का इस्तेमाल झूठे आरोप लगाने और ध्यान भटकाने के लिए न करे। हरीश ने कहा कि भारत इस मुद्दे पर ज्यादा प्रतिक्रिया नहीं देगा, क्योंकि उसकी स्थिति पहले से ही स्पष्ट है।
इससे पहले भी पाकिस्तान ने भारत पर बलूचिस्तान में ट्रेन अपहरण में शामिल होने का झूठा आरोप लगाया था। लेकिन भारत के विदेश मंत्रालय ने इसे सिरे से खारिज करते हुए कहा, “पूरी दुनिया जानती है कि आतंकवाद का असली केंद्र कहां है। पाकिस्तान को दूसरों पर आरोप लगाने की बजाय अपने घर की हालत सुधारनी चाहिए।”
भारत ने पाकिस्तान को साफ संदेश दिया है कि वह झूठे आरोप लगाकर कश्मीर का मुद्दा नहीं उछाल सकता। संयुक्त राष्ट्र में भारत की कड़ी प्रतिक्रिया ने एक बार फिर साबित कर दिया कि कश्मीर पर पाकिस्तान का कोई दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा।





