17 साल बाद मेलबर्न में हारा भारत, ऑस्ट्रेलिया ने टी20 में दी करारी शिकस्त

मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) में खेले गए भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पांच मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज के दूसरे मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 6 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम मात्र 125 रन पर सिमट गई। भारत की ओर से अभिषेक शर्मा ने शानदार 68 रन बनाए, लेकिन उन्हें अन्य बल्लेबाजों का साथ नहीं मिला। हर्षित राणा ने 35 रन का योगदान दिया, जबकि बाकी बल्लेबाज सस्ते में पवेलियन लौट गए।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से जोश हेजलवुड ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने 126 रन का टारगेट मात्र 14वें ओवर में ही हासिल कर लिया। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव और वरुण चक्रवर्ती ने 2-2 विकेट झटके, लेकिन वे टीम को जीत नहीं दिला सके।
अब दोनों टीमों के बीच सीरीज का तीसरा टी20 मुकाबला रविवार, 2 नवंबर को होबार्ट में खेला जाएगा। गौरतलब है कि पहला मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था, ऐसे में ऑस्ट्रेलिया फिलहाल सीरीज में 1-0 से आगे है।





