IND vs BAN: दिनेश कार्तिक के चोटिल होने पर टीम में बदलाव संभव !
T20 World Cup: टीम इंडिया के लिए 2022 का T20 World Cup कुछ ज्यादा अच्छा नहीं चल रहा है. World Cup से पहले सिलेक्शन के दौरान अनुभवी गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को चोटिल होने के कारण खोने के बाद अब बीच लीग में दिनेश कार्तिक भी चोट के चलते बांग्लादेश के खिलाफ मैच नहीं खेल सकेंगे.
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मुकाबले में कार्तिक की पीठ में तकलीफ उठ गई थी जिसके चलते उन्हें बीच मुकाबले में मैदान छोड़ कर जाना पड़ा था. जिसके बाद ऋषभ पंत ने स्टंप के पीछे विकेटकीपर की भूमिका संभाली थी. साउथ अफ्रीका मैच के बाद से ही कार्तिक की फिटनेस को लेकर कयास लगाए जा रहे थे.
टीम इंडिया के मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक पर एक अपडेट साझा करते हुए बताया कि टीम बुधवार को आकलन के बाद यह तय करेगी कि दिनेश कार्तिक को बांग्लादेश के खिलाफ प्लेइंग 11 में शामिल किया जाए या नहीं.
द्रविड़ ने कहा, “आज सुबह दिनेश कार्तिक अभ्यास करने आए हैं. हम कल उनकी फिटनेस का आकलन करेंगे. हमारा विश्वास खिलाड़ियों का समर्थन करने का है.”
आपको बता दें कि दिनेश कार्तिक को टीम में ऋषभ पंत के बदले खेलने का मौका मिला था. अब कयास यह लगाए जा रहें हैं कि यदि कार्तिक बांग्लादेश के खिलाफ मुकाबले में नहीं खेल पाते हैं तो उनकी जगह वापस पंत को टीम का हिस्सा बनाया जा सकता है.





