मनोरंजन

हिना खान ने रॉकी जायसवाल से रचाई शादी, 13 साल के रिश्ते को दिया नाम

टीवी की मशहूर अदाकारा हिना खान ने अपने लंबे समय से साथी रहे रॉकी जायसवाल संग शादी रचा ली है। दोनों ने एक निजी समारोह में एक-दूसरे के साथ सात जन्मों का साथ निभाने का वादा किया। शादी की तस्वीरें हिना ने खुद सोशल मीडिया पर साझा कीं, जो देखते ही देखते वायरल हो गईं।

हिना खान ने तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “दो अलग दुनिया से आए, लेकिन हमने मिलकर प्यार का एक ब्रह्मांड बना लिया। हमारे बीच की दूरियां खत्म हुईं, दिल एक हो गए और एक ऐसा बंधन बना जो कई जन्मों तक रहेगा। आज हमारा रिश्ता कानून और प्यार दोनों से हमेशा के लिए जुड़ गया है। हम आप सब से आशीर्वाद और शुभकामनाएं चाहते हैं।”


अपनी शादी के खास मौके पर हिना खान ने डिजाइनर मनीष मल्होत्रा की ओपल ग्रीन कलर की हैंडलूम साड़ी पहनी, जिस पर सोने और चांदी के धागों से पारंपरिक डिज़ाइन उकेरे गए थे। हल्के गुलाबी बॉर्डर और जरदोजी की बारीक कढ़ाई ने साड़ी को खास बना दिया। इस साड़ी की सबसे खास बात यह थी कि इसमें हिना और रॉकी के नाम भी कढ़ाई से उकेरे गए थे। साड़ी में प्लीटेड गोटा डिटेलिंग और स्कैलप्ड हेम वाली हल्की गुलाबी घूंघट ने लुक को और भी सपना सा बना दिया। हिना ने मनीष मल्होत्रा की ही ज्वेलरी पहनी, जो राजसी विरासत की झलक देती थी।

रॉकी जायसवाल ने मनीष मल्होत्रा की डिज़ाइन की हुई क्रीम रंग की कुर्ता पहनी, जो बेहद क्लासिक और एलिगेंट लुक दे रही थी। उनका पहनावा सादगी में भी खास नजर आ रहा था। एक तस्वीर में रॉकी को हिना के पैरों में पायल बांधते हुए देखा जा सकता है, जबकि एक अन्य फोटो में दोनों शादी के कानूनी दस्तावेजों पर साइन करते नजर आ रहे हैं। इन खास पलों को देखकर फैंस भी भावुक हो गए।

हिना खान और रॉकी जायसवाल की पहली मुलाकात टीवी शो ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ के सेट पर हुई थी। जहां हिना ने शो में ‘अक्षरा’ का किरदार निभाया था, वहीं रॉकी उस समय शो के सुपरवाइजिंग प्रोड्यूसर थे। धीरे-धीरे दोनों की दोस्ती प्यार में बदली और 2017 में उन्होंने अपने रिश्ते को सार्वजनिक किया। पिछले 13 वर्षों से दोनों एक-दूसरे के साथ मजबूती से खड़े रहे और अब इस रिश्ते को शादी का नाम दे दिया।

फैंस और टीवी इंडस्ट्री से जुड़े सितारे इस नए जोड़े को ढेरों बधाइयां दे रहे हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button