केदारनाथ से लौट रहा हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, सभी 7 यात्रियों की मौत

उत्तराखंड में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ। केदारनाथ से गुप्तकाशी लौट रहा एक हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में हेलिकॉप्टर में सवार सभी 7 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 6 तीर्थयात्री और एक पायलट शामिल हैं। यह हादसा सुबह करीब 5:17 बजे हुआ, जब आर्यन एविएशन कंपनी का यह हेलिकॉप्टर केदारनाथ हेलीपैड से उड़ान भरने के कुछ देर बाद क्रैश हो गया। हादसा केदारनाथ और गौरीकुंड के बीच एक बेहद दुर्गम इलाके में हुआ, जहां पहुंचना काफी मुश्किल है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हेलिकॉप्टर को बीच रास्ते में खराब मौसम का सामना करना पड़ा, जिससे मजबूर होकर पायलट को एक वैकल्पिक स्थान पर इमरजेंसी लैंडिंग करनी पड़ी। इस दौरान हेलिकॉप्टर को गंभीर नुकसान हुआ और वह क्रैश हो गया। गढ़वाल के आईजी ने बताया, “हेलिकॉप्टर में कुल 7 लोग सवार थे। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके के लिए रवाना हो गई हैं। दुर्घटनास्थल बेहद दूर और दुर्गम क्षेत्र में है।”
हादसे पर दुख जताते हुए उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, “रुद्रप्रयाग जिले में हेलिकॉप्टर दुर्घटना की दुखद खबर मिली है। SDRF, स्थानीय प्रशासन और अन्य टीमें राहत और बचाव कार्य में लगी हुई हैं। मैं बाबा केदार से सभी यात्रियों की कुशलता की प्रार्थना करता हूं।”
जनपद रुद्रप्रयाग में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। एसडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन एवं अन्य रेस्क्यू दल राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हैं।
बाबा केदार से सभी यात्रियों के सकुशल होने की कामना करता हूँ।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) June 15, 2025
प्रशासन ने अभी तक किसी की मृत्यु की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन शुरुआती जानकारी के अनुसार सभी की मौके पर ही मौत हो गई है। दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।





