इंडोनेशिया में हेलीकॉप्टर लापता, 8 लोग सवार, एक भारतीय नागरिक भी शामिल

इंडोनेशिया के बोर्नियो द्वीप के ऊपर उड़ान भरते समय एक हेलीकॉप्टर लापता हो गया है। यह हादसा सोमवार को हुआ था और मंगलवार को भी इसकी तलाश जारी है। हेलीकॉप्टर में आठ लोग सवार थे, जिनमें एक भारतीय नागरिक भी शामिल है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एयरबस बीके117 डी-3 मॉडल का यह हेलीकॉप्टर एस्टिंडो एयर कंपनी का था। यह दक्षिण कालीमंतन प्रांत के कोटाबारू जिले से उड़ान भरने के आठ मिनट बाद ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल से संपर्क खो बैठा। इसे मध्य कालीमंतन के पालतांगकराया शहर पहुंचना था।
हेलीकॉप्टर में भारतीय नागरिक संथा कुमार के अलावा कैप्टन हर्यंतो, इंग हेंड्रा, मार्क वेरेन, युडी फेब्रियन, एंडीज रिसा पासुलु, क्लॉडाइन क्विटो और इबॉय इरफान रोजा सवार थे। बांजरमासिन खोज एवं बचाव एजेंसी के प्रमुख आई पुतु सुदायना ने बताया कि सर्च ऑपरेशन के लिए दो हेलीकॉप्टरों को बारी-बारी से तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि दोनों हेलीकॉप्टरों को एक साथ उड़ाना जोखिम भरा हो सकता है। इसके अलावा, विभिन्न एजेंसियों और स्थानीय स्वयंसेवकों की 140 सदस्यीय टीम को जमीनी खोज के लिए लगाया गया है। यह टीम 27 वर्ग किलोमीटर के क्षेत्र में तलाशी कर रही है।
एजेंसी को हेलीकॉप्टर के लापता होने की सूचना सोमवार दोपहर 12:02 बजे मिली थी। सूचना मिलते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया। फिलहाल टीम जंगलों और पहाड़ी इलाकों में खोज अभियान चला रही है। स्थानीय प्रशासन ने लोगों से धैर्य बनाए रखने की अपील की है। एजेंसी प्रमुख ने कहा, “हमारी पहली प्राथमिकता यात्रियों की सुरक्षित वापसी है। हमें उम्मीद है कि हेलीकॉप्टर का पता जल्द चल जाएगा और सभी लोग सुरक्षित होंगे।”
इस घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों को भी अलर्ट कर दिया गया है।





