विदेश

टेक्सास में भारी बाढ़ से तबाही, अब तक 50 लोगों की मौत, समर कैंप की 27 लड़कियां लापता

अमेरिका के टेक्सास राज्य में आई अचानक बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। इस भीषण प्राकृतिक आपदा में अब तक कम से कम 50 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें 15 बच्चे भी शामिल हैं। दर्जनों लोग अब भी लापता हैं और राहत-बचाव कार्य तेजी से जारी है। टेक्सास के केर काउंटी में सबसे ज्यादा 43 लोगों की मौत हुई है। ट्रैविस काउंटी में 4, बर्नेट काउंटी में 2 और टॉम ग्रीन काउंटी में 1 व्यक्ति की मौत की पुष्टि हुई है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में और बारिश की संभावना है, जिससे हालात और बिगड़ सकते हैं और मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

ग्वाडालूप नदी के आसपास के इलाके में अचानक आई भारी बारिश ने भारी तबाही मचाई। एक ही रात में करीब 15 इंच तक बारिश दर्ज की गई। इस दौरान 850 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित निकाला गया। राहत दलों ने बताया कि कई लोग पेड़ों और छतों पर चढ़कर अपनी जान बचाते दिखे।

सबसे चिंताजनक घटना केर काउंटी में स्थित ‘कैंप मिस्टिक’ से जुड़ी है। यह एक क्रिश्चियन समर कैंप है, जहां लड़कियों के लिए ग्रीष्मकालीन शिविर आयोजित किया जाता है। बाढ़ के समय इस कैंप में 7 से 17 साल की उम्र की लगभग 750 लड़कियां मौजूद थीं। समय रहते अधिकतर को सुरक्षित निकाल लिया गया, लेकिन अभी भी कम से कम 27 लड़कियां लापता हैं।

बताया जा रहा है कि सिर्फ डेढ़ घंटे के अंदर ग्वाडालूप नदी का जलस्तर 26 फीट से ज्यादा बढ़ गया, जिससे आसपास की सड़कें, वाहन और कैबिन बुरी तरह डूब गए। स्थानीय प्रशासन और राहत दल लगातार लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में और बारिश की संभावना जताई है, जिससे बचाव कार्य में और भी मुश्किलें आ सकती हैं। सरकार ने लोगों से सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button