मनोरंजन

गुरुग्राम में एल्विश यादव के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाके में दहशत

बिग बॉस विनर, मशहूर यूट्यूबर और एक्टर एल्विश यादव के घर पर रविवार तड़के फायरिंग की बड़ी वारदात हुई। घटना गुरुग्राम के सेक्टर 57 इलाके की है, जहां सुबह करीब 5:30 से 6 बजे के बीच बाइक पर सवार तीन अज्ञात बदमाश पहुंचे और 20 से 25 राउंड गोलियां चलाने के बाद मौके से फरार हो गए फायरिंग के समय एल्विश घर पर मौजूद नहीं थे, लेकिन उनका पूरा परिवार अंदर सो रहा था। अचानक हुई इस घटना से पूरा इलाका दहशत में आ गया।

फायरिंग की जानकारी मिलते ही गुरुग्राम पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। अभी तक हमलावरों की पहचान नहीं हो पाई है। एल्विश यादव के पिता ने बताया कि गोलीबारी के दौरान एल्विश घर पर नहीं थे, लेकिन परिवार के बाकी लोग सो रहे थे। अचानक गोलियों की आवाज से हड़कंप मच गया। उन्होंने कहा कि इस घटना से पहले न तो उन्हें और न ही एल्विश को किसी तरह की धमकी मिली थी।

इससे पहले भी गुरुग्राम में मशहूर सिंगर राहुल फाजिलपुरिया पर फायरिंग की खबर आई थी। अब दो बड़े सोशल मीडिया और मनोरंजन जगत से जुड़े चेहरों को निशाना बनाए जाने से पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लगातार बढ़ती ऐसी वारदातों ने इलाके में असुरक्षा का माहौल बना दिया है। पुलिस का मानना है कि इस तरह की वारदातें अक्सर रंगदारी वसूली से जुड़ी होती हैं और इसके पीछे गैंगस्टर गिरोह का हाथ हो सकता है। गौरतलब है कि फाजिलपुरिया और एल्विश यादव करीबी दोस्त माने जाते हैं। इससे पहले फाजिलपुरिया पर हुए कथित हमले की जिम्मेदारी भी एक गैंगस्टर ने सोशल मीडिया पर ली थी।

एल्विश यादव अपने व्लॉग्स और रोस्ट वीडियोज के लिए जाने जाते हैं और उनकी तगड़ी फैन फॉलोइंग है। वे पहले भी कई विवादों को लेकर सुर्खियों में रहे हैं—रेव पार्टी और सांप के जहर मामले, राजस्थान पुलिस पर बयानबाजी और कई बार हाथापाई व धमकी जैसे आरोप उनपर लग चुके हैं। फिलहाल एल्विश सोशल मीडिया पर लगातार एक्टिव हैं। हाल ही में वे एक वेब सीरीज़ की शूटिंग में व्यस्त रहे और ‘लाफ्टर शेफ’ शो में भी नजर आए थे।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button