ताज़ा खबरें

हरियाणा: कल 90 सीटों पर होगा मतदान, कुल 1031 उम्मीदवार आजमा रहे अपनी किस्मत

हरियाणा: कल 90 सीटों पर होगा मतदान, कुल 1031 उम्मीदवार आजमा रहे अपनी किस्मत

हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए हो रहे चुनाव प्रचार पर अब विराम लग गया है। अब हरियाणा की जनता के लिए वो वक्त आ गया, जहां वह वोट देकर आने वाली सरकार को चुनती है। कल यानी शनिवार को राज्य की 90 विधानसभा सीटों पर मतदान होना है। इस दौरान करीब 1031 उम्मीदवार मैदान में उतरे हैं। इनकी किस्मत का फैसला कल हरियाणा की जनता EVM की बटन दबाकर कर देगी।

हरियाणा के मुख्य चुनाव अधिकारी पंकज अग्रवाल के अनुसार प्रदेश में कल सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होंगे। इस दौरान कुल 2,03,54,350 मतदाता मतदान के लिए करीब 20,632 पोलिंग बूथ में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

बता दें कि हरियाणा के 2,03,54,350 मतदाताओं में से 1,07,75,957 पुरूष जबकि 95,77,926 महिलाएं और थर्ड जेंडर 467 मतदाता है। 18 से 19 आयु वर्ग के 5,24,514 युवा मतदाता है। इसी प्रकार, 1,49,142 दिव्यांग मतदाता है। जिसमें से 93,545 पुरुष व 55,591 महिला व छह थडर् जेंडर मतदाता है। उन्होंने बताया 85 वर्ष से अधिक आयु के 2,31,093 मतदाता हैं। जिसमें से 89,940 पुरुष व 1,41,153 महिला मतदाता है। इसके अलावा, 100 वर्ष की आयु से अधिक के मतदाताओं की संख्या 8,821 है। जिसमें से 3,283 पुरुष व 5,538 महिला मतदाता है। इसके अतिरिक्त, 1,09,217 सर्विस मतदाता है। जिसमें से 1,04,426 पुरुष व 4791 महिला मतदाता है। प्रत्याशियों में 930 पुरूष व 101 महिलाएं उम्मीदवार चुनाव लड रही है।

गौरतलब है कि जहां एक तरफ बीजेपी सत्ता की हैट्रिक लगाने की कवायद में है तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस अपनी वापसी के लिए बेताब नजर आ रही। इसके साथ ही राज्य में बसपा-इनेलो से लेकर जेजेपी-आसपा गठबंधन और आम आदमी पार्टी किंगमेकर बनने की कोशिश में है। बता दें कि हरियाणा का सियासी मिजाज पूरी तरह से एक नहीं है, कहीं बीजेपी का पलड़ा भारी है तो कहीं कांग्रेस को बढ़त मिलने की संभावना है।

हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों में कांग्रेस ने 89 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं और एक सीट पर उसकी सहयोगी सीपीआई (एम) चुनाव लड़ रही है। बीजेपी 89 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। हिसार सीट से पार्टी के उम्मीदवार ने अपना नामांकन वापस ले लिया था और गोपाल कांडा को समर्थन दिया था। जेजेपी और आजाद समाज पार्टी का गठबंधन है, जिसके तहत 66 सीट पर जेजेपी के उम्मीदवार हैं तो 12 सीट पर आजाद समाज के कैंडिडेट चुनाव लड़ रहे हैं. इसी तरह बसपा और इनेलो मिलकर चुनाव लड़ रही है, जिसके तहत 51 सीट पर इनेलो के उम्मीदवार और 35 सीट पर बसपा के प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं। आम आदमी पार्टी ने 90 में से 88 सीट पर उम्मीदवार उतारे हैं।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button