इस्तांबुल में इजराइली कॉन्सुलेट के पास गोलीबारी, पुलिस-मुठभेड़ में एक हमलावर ढेर

इस्तांबुल: तुर्की के इस्तांबुल में मंगलवार को इजराइली कॉन्सुलेट के पास गोलीबारी की घटना सामने आई, जिसके बाद पुलिस और हमलावरों के बीच मुठभेड़ हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, इस घटना में एक हमलावर मारा गया, जबकि दो अन्य घायल हालत में गिरफ्तार कर लिए गए।
इस्तांबुल के गवर्नर Davut Gul ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान दो पुलिसकर्मियों को हल्की चोटें आई हैं। हमलावरों के पास लंबी दूरी के हथियार थे, जिससे इलाके में कुछ देर के लिए दहशत फैल गई। तुर्की के गृह मंत्री मुस्तफ़ा सिफ़्ती के अनुसार, आरोपी इजमित से किराए की गाड़ी में आए थे। इनमें से एक का संबंध ऐसे समूह से बताया जा रहा है, जो धर्म का गलत इस्तेमाल करता है, हालांकि किसी संगठन का नाम स्पष्ट नहीं किया गया है।
अधिकारियों ने यह भी बताया कि तीनों में से दो हमलावर आपस में भाई हैं और उनमें से एक का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है, जो ड्रग्स से जुड़ा हुआ है। घटनास्थल के वीडियो में एक संदिग्ध को बस के पीछे छिपकर फायरिंग करते हुए देखा गया।
बताया जा रहा है कि जिस इमारत में इजराइली कॉन्सुलेट है, वहां उस समय कोई भी इजराइली राजनयिक मौजूद नहीं था। घटना के बाद जांच शुरू कर दी गई है, जिसकी निगरानी न्याय मंत्री Akin Gurlek द्वारा नियुक्त अभियोजक कर रहे हैं।





