GT vs CSK: टॉप-2 की दौड़ में गुजरात की आखिरी परीक्षा, साख बचाने उतरेगी चेन्नई

आईपीएल 2025 का 67वां लीग मुकाबला आज यानी रविवार, 25 मई को गुजरात टाइटंस (GT) और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के बीच खेला जाएगा। यह रोमांचक मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से शुरू होगा, जबकि टॉस ठीक आधा घंटा पहले यानी 7:00 बजे होगा।
शुभमन गिल की अगुआई वाली गुजरात टाइटंस पहले ही प्लेऑफ में जगह बना चुकी है, लेकिन टॉप-2 में जगह पक्की करने के लिए इस मुकाबले में जीत बेहद जरूरी है। अगर GT यह मैच जीत जाती है तो उसके 20 अंक हो जाएंगे, जिससे वह टॉप-2 में सुरक्षित हो जाएगी और क्वालिफायर-1 खेलने का मौका मिलेगा। वहीं अगर हार मिलती है, तो टीम सीधे चौथे स्थान पर फिसल सकती है, जिससे उसे एलिमिनेटर खेलना होगा।
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह मैच साख की लड़ाई जैसा है। एमएस धोनी की कप्तानी वाली टीम 13 में से 10 मुकाबले हारकर पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे है। टीम प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है और अब केवल सम्मान बचाने के लिए मैदान पर उतरेगी।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है। खासकर दिन के मुकाबलों में यहां रन बनाना थोड़ा आसान होता है। पिच पर अच्छा उछाल और बाउंस मिलने से बल्लेबाज बड़े स्कोर खड़ा कर सकते हैं। अब तक यहां खेले गए 6 में से 5 मुकाबले पहले बल्लेबाजी करने वाली टीमों ने जीते हैं। ऐसे में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करना फायदेमंद हो सकता है। पिच पर 200 से ज्यादा रन का स्कोर एक बार फिर देखने को मिल सकता है। साथ ही स्पिन गेंदबाज इस मुकाबले में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।
आईपीएल में GT और CSK के बीच अब तक 7 मुकाबले हुए हैं, जिसमें गुजरात ने 4 बार जीत हासिल की है, जबकि चेन्नई ने 3 मैचों में बाज़ी मारी है। पिछले 5 मुकाबलों में GT ने CSK को तीन बार हराया है, जिससे आज के मैच में गुजरात का पलड़ा थोड़ा भारी माना जा सकता है।
गुजरात टाइटंस की संभावित प्लेइंग इलेवन:
शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), शेरफेन रदरफोर्ड, शाहरुख खान, राहुल तेवतिया, राशिद खान, अरशद खान, रविश्रीनिवासन साई किशोर, कगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा।
चेन्नई सुपर किंग्स की संभावित प्लेइंग इलेवन:
आयुष म्हात्रे, डेवोन कॉनवे/शेख रशीद, उर्विल पटेल, रविंद्र जडेजा, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, एमएस धोनी (कप्तान और विकेटकीपर), अंशुल कम्बोज, रविचंद्रन अश्विन, नूर अहमद, खलील अहमद, मथीशा पथिराना।
अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या गुजरात टाइटंस जीत दर्ज कर प्लेऑफ में मजबूत स्थिति हासिल करती है या चेन्नई सुपर किंग्स आखिरी मुकाबले में धमाका कर सीजन का अंत गौरव के साथ करती है।





