भारत

अमेरिका से डिपोर्ट होकर भारत लौट रहा बाबा सिद्दीकी हत्याकांड का प्रमुख साजिशकर्ता गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई

बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में मुख्य साजिशकर्ता बताये जा रहे कुख्यात गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से डिपोर्ट करने की प्रक्रिया पूरी हो गई है। वह बुधवार सुबह करीब 10 बजे दिल्ली पहुंचने वाला है। सुरक्षा एजेंसियां उसकी यात्रा पर लगातार नज़र रख रही हैं और दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर विशेष सुरक्षा टीमें तैनात कर दी गई हैं।

सूत्रों के अनुसार, अनमोल को औपचारिक रूप से अमेरिका से भारत भेज दिया गया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि उसकी रवानगी से लेकर दिल्ली में लैंडिंग तक की पूरी प्रक्रिया तय कर दी गई है।
अनमोल, गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का भाई है और उसके खिलाफ कई राज्यों में गंभीर मामले दर्ज हैं। अब चर्चा इस बात पर है कि कोर्ट में पेश किए जाने के बाद उसे किस एजेंसी की हिरासत में दिया जाएगा।

मृतक नेता बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी ने बताया कि उन्हें भी अमेरिकी अधिकारियों की ओर से एक ईमेल मिला है। इसमें सूचित किया गया है कि अनमोल बिश्नोई को अमेरिका से डिपोर्ट कर दिया गया है।
जीशान ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि इस संदेश को किस रूप में देखा जाए, लेकिन इतना साफ है कि अनमोल को अब भारत भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि पीड़ित परिवार होने के कारण उनका ईमेल अमेरिकी अधिकारियों के पास पंजीकृत है, ताकि उन्हें हर अपडेट तुरंत मिल सके।

12 अक्टूबर 2024 को मुंबई के बांद्रा स्थित कार्यालय के बाहर नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी (NCP) के नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मुंबई पुलिस अब तक 26 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। चार्जशीट में अनमोल को “मुख्य साजिशकर्ता” बताया गया है और उसे वांछित आरोपियों की सूची में शामिल किया गया है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों के फोन से मिले वॉइस क्लिप्स की जांच में कई रिकॉर्डिंग अनमोल की आवाज़ से मेल खाई हैं।
जांच में यह भी सामने आया कि अनमोल ने विदेश में रहते हुए हत्या की पूरी योजना बनाई और अपने साथियों को लगातार निर्देश देता रहा। पुलिस ने सभी संबंधित ऑडियो क्लिप्स और अन्य सबूत चार्जशीट में शामिल कर दिए हैं। कुल मिलाकर, अनमोल बिश्नोई की भारत वापसी इस हाई-प्रोफाइल हत्या मामले की जांच को एक महत्वपूर्ण मोड़ दे सकती है।

Show More

न्यूज़ मोबाइल ब्यूरो

"न्यूज़ मोबाइल हिंदी" एक डिजिटल न्यूज़ प्लेटफ़ॉर्म है जो पाठकों को ताज़ा ख़बरें, गहन विश्लेषण और अपडेट सरल हिंदी में उपलब्ध कराता है। यह राजनीति, खेल, तकनीक, मनोरंजन और बिज़नेस जैसे विषयों पर समाचार प्रस्तुत करता है। साथ ही, इसमें फ़ैक्ट चेक (Fact Check) सेक्शन भी है, जिसके ज़रिए झूठी या भ्रामक ख़बरों की सच्चाई सामने लाकर पाठकों को विश्वसनीय और सही जानकारी दी जाती है। इसका मक़सद है—समाचारों के बीच तथ्य और अफ़वाह में स्पष्ट अंतर दिखाना।
Back to top button